नई दिल्ली - भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के वनडे क्रिकेट से संन्यास की खबरों पर आखिरकार बीसीसीआई ने स्थिति साफ कर दी है। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जाने वाले तीसरे वनडे से पहले बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट किया कि रोहित के आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर किसी भी स्तर पर कोई चर्चा नहीं हुई है। इससे उन तमाम अटकलों पर विराम लग गया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि लॉर्ड्स वनडे रोहित के करियर का अंतिम मुकाबला हो सकता है।

BCCI ने अफवाहों को किया खारिज
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चल रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने कहा कि बोर्ड के भीतर ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है कि इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा वनडे उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। सैकिया ने कहा कि रोहित भारतीय वनडे टीम के नियमित सदस्य हैं और जब तक वह टीम की योजनाओं का हिस्सा हैं, तब तक देश के लिए खेलते रहेंगे।

संन्यास की खबरों से नाराज बताए जा रहे रोहित
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लगातार सामने आ रही संन्यास की अटकलों से रोहित शर्मा भी नाराज हैं। बताया जा रहा है कि बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के उनके भविष्य को लेकर हो रही चर्चाओं से वह खुश नहीं हैं। वहीं, बीसीसीआई भी इस पूरे मामले में टीम मैनेजमेंट के रुख से संतुष्ट नहीं बताया जा रहा है।
खराब फॉर्म के बाद तेज हुई थीं चर्चाएं
इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो वनडे मुकाबलों में रोहित शर्मा बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे। इसके बाद सोशल मीडिया और कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जाने लगा कि चयनकर्ता अब 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों को मौका देना चाहते हैं और रोहित का करियर अंतिम दौर में पहुंच गया है।हालांकि बीसीसीआई के ताजा बयान के बाद साफ हो गया है कि फिलहाल रोहित के संन्यास या टीम से बाहर किए जाने जैसा कोई फैसला नहीं लिया गया है।
लॉर्ड्स वनडे पर रहेंगी सभी की नजरें
अब सभी की निगाहें लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले पर होंगी। एक ओर भारत सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगा, वहीं रोहित शर्मा के पास बल्ले से दमदार प्रदर्शन कर आलोचकों को जवाब देने का भी शानदार मौका होगा। बीसीसीआई के बयान के बाद इतना तय हो गया है कि फिलहाल रोहित शर्मा भारतीय वनडे टीम की योजनाओं का अहम हिस्सा बने हुए हैं।