धर्मशाला । भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। धर्मशाला में होने वाले पहले मुकाबले के साथ ही टीम इंडिया की 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों का भी आगाज माना जा रहा है। इस सीरीज में सबसे ज्यादा नजरें पूर्व कप्तान रोहित शर्मा पर रहने वाली हैं, जो पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करने जा रहे हैं।
मैदान पर उतरते ही बन जाएगा बड़ा रिकॉर्ड
रोहित शर्मा के पास इस सीरीज में एक ऐसा रिकॉर्ड बनाने का मौका है, जो पिछले 37 साल से कायम है। अगर वह धर्मशाला में पहला वनडे मैच खेलते हैं तो भारतीय टीम की ओर से वनडे क्रिकेट खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड पूर्व भारतीय ऑलराउंडर मोहिंदर अमरनाथ के नाम दर्ज है। अमरनाथ ने साल 1989 में 39 वर्ष और 44 दिन की उम्र में अपना आखिरी वनडे मैच खेला था। रोहित शर्मा वर्तमान में 39 वर्ष 42 दिन के हैं और पहले मुकाबले में उतरते ही इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को अपने नाम कर सकते हैं।
वनडे क्रिकेट में पहले से दर्ज हैं कई बड़े रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा पहले ही वनडे क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। वनडे में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी (264 रन), तीन दोहरे शतक और कई यादगार उपलब्धियां उनके नाम दर्ज हैं। अब हिटमैन शर्मा के पास उम्र के मामले में भी भारतीय क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ने का मौका है।
अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार रहा है प्रदर्शन
अफगानिस्तान के खिलाफ रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक तीन वनडे मैच खेले हैं, जिनमें 75 की बेहतरीन औसत से 150 रन बनाए हैं। इन पारियों में एक शानदार शतक भी शामिल है। इतना ही नहीं, रोहित शर्मा का स्ट्राइक रेट 127.11 का रहा है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है।
फैंस को बड़ी पारी की उम्मीद
रोहित शर्मा लंबे समय बाद वनडे क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं और ऐसे में फैंस को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी। अगर वह अपने अनुभव और फॉर्म का प्रदर्शन करने में सफल रहते हैं तो यह सीरीज टीम इंडिया के लिए भी काफी अहम साबित हो सकती है। अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में रोहित के पास सिर्फ रन बनाने का ही नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक नया रिकॉर्ड दर्ज कराने का भी सुनहरा मौका होगा।