मुंबई - मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले गए आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में दोनों टीमों को बड़ा झटका लगा, जब उनके प्रमुख खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली चोटिल हो गए। मैच के दौरान इस घटना ने खेल का रुख भी बदल दिया और दर्शकों को चिंता में डाल दिया।
चोटिल हुए RO-KO
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली दूसरी पारी में फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतरे। जानकारी के अनुसार, उनके टखने में चोट लगी है, जिसके कारण उन्हें आराम दिया गया। किंग कोहली की अनुपस्थिति में टीम की फील्डिंग रणनीति पर भी असर पड़ा और टीम को अतिरिक्त दबाव का सामना करना पड़ा।
रोहित को हैमस्ट्रिंग की समस्या
वहीं मुंबई इंडियंस की पारी के दौरान टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा बल्लेबाजी करते समय हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझते नजर आए। आपको बता दें कि, पारी के पांचवें ओवर में रन लेते समय उन्हें अचानक दर्द महसूस हुआ, जिसके बाद वह 13 गेंदों पर 19 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। हिटमैन शर्मा की जगह MI के दिग्गज बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने पारी को आगे बढ़ाया।
रोहित मेडिकल टीम निगरानी कर रही है
हालांकि टीम प्रबंधन के अनुसार रोहित शर्मा पूरी तरह आउट नहीं हुए हैं, इसलिए जरूरत पड़ने पर वह दोबारा बल्लेबाजी के लिए लौट सकते हैं। दोनों खिलाड़ियों की चोट को लेकर फिलहाल मेडिकल टीम निगरानी कर रही है और आगे की स्थिति रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी। इस घटना ने मुकाबले को रोमांच के साथ-साथ चिंता का विषय भी बना दिया है, क्योंकि दोनों टीमों के सबसे अहम खिलाड़ी फिलहाल फिटनेस समस्या से जूझ रहे हैं।