IPL 2026: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने एक बार फिर दिखा दिया कि क्रिकेट सिर्फ ताकत का नहीं, दिमाग का भी खेल है। मुंबई इंडियंस के धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा ने 4 अप्रैल (शनिवार) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए 26 गेंदों में 35 रन बनाए। इस इनिंग्स के दौरान हिटमैन शर्मा की असली चमक एक चालाकी भरे DRS (निर्णय समीक्षा प्रणाली) मोमेंट में दिखी।
'हिटमैन' का दिमागी खेल !
आपको बता दें कि, मुंबई इंडियंस की पारी के दौरान 9वें ओवर में दिल्ली कैपिटल्स के स्टार स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव की पांचवीं गेंद पर MI के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बैट से दूर रही। इसके बावजूद जोरदार अपील हुई और यहीं से शुरू हुआ 'हिटमैन' का दिमागी खेल। रोहित शर्मा तुरंत ऐसे चलने लगे जैसे आउट हो गए हों।
रोहित ने किया कुलदीप को कन्फ्यूज
मुंबई इंडियंस के धुरंधर बल्लेबाज रोहित शर्मा के इस बॉडी लैंग्वेज ने कुलदीप यादव और दिल्ली कैपिटल्स को कन्फ्यूज कर दिया। नतीजा ये हुआ कि दिल्ली कैपिटल्स ने रिव्यू ले लिया, लेकिन रिप्ले में साफ दिखा कि गेंद बैट के पास भी नहीं थी। इस तरह दिल्ली कैपिटल्स ने अपना कीमती रिव्यू गंवा दिया, जबकि रोहित क्रीज पर सुरक्षित रहे।