नई दिल्ली - इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में एक बार फिर फ्लॉप रहने के बाद रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट उन्हें 2027 वनडे विश्व कप की योजनाओं में नहीं देख रहे हैं और लॉर्ड्स में खेला जाने वाला तीसरा वनडे उनके करियर का आखिरी मैच हो सकता है। हालांकि, इन अटकलों के बीच भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशू कोटक ने रोहित शर्मा का खुलकर बचाव किया और उनके भविष्य को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं।
अफगानिस्तान और इंग्लैंड सीरीज में नहीं चला बल्ला
रोहित शर्मा हाल के मुकाबलों में अपनी पहचान के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज और इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो मैचों में उनका बल्ला खामोश रहा। दूसरे वनडे में उन्होंने 47 गेंदों पर सिर्फ 26 रन बनाए, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था। इसी वजह से ऐसी चर्चाएं शुरू हो गईं कि टीम मैनेजमेंट अब युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को वनडे टीम में मौका देने की तैयारी कर रहा है।
कोच बोले- रोहित जैसे खिलाड़ी पर दबाव नहीं होता
दूसरे वनडे के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बल्लेबाजी कोच सितांशू कोटक ने साफ कहा कि रोहित शर्मा जैसे अनुभवी खिलाड़ी पर किसी तरह का दबाव नहीं है। उन्होंने कहा कि, मुझे नहीं लगता कि रोहित शर्मा जैसे बड़े खिलाड़ी पर किसी तरह का कोई दबाव होगा। वह इससे कहीं आगे के बल्लेबाज हैं। शुरुआती दो मैचों में रन नहीं बने, लेकिन इससे कोई बड़ा फर्क नहीं पड़ता। कोटक ने यह भी कहा कि मैच के दौरान ऐसा लग रहा था कि रोहित बड़ी पारी खेल सकते हैं, लेकिन वह उसे लंबा नहीं खींच पाए।

'लॉर्ड्स में दिख सकता है अलग रोहित'
कोटक ने रिटायरमेंट और टीम से बाहर किए जाने की अटकलों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में कई बार बल्लेबाजों का दिन अच्छा नहीं होता और इसे संघर्ष कहना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा कि, मैंने काफी क्रिकेट खेली और देखी है। कई बार बल्लेबाज किसी दिन लय में नहीं होते। आप लॉर्ड्स में बिल्कुल अलग रोहित शर्मा देख सकते हैं। मैं यह नहीं कहूंगा कि वह संघर्ष कर रहे हैं। हो सकता है परिस्थितियों की वजह से वह अपने पसंदीदा शॉट नहीं खेल पा रहे हों।
टीम मैनेजमेंट ने नहीं दिया कोई नकारात्मक संकेत
बल्लेबाजी कोच के पूरे बयान में कहीं भी यह संकेत नहीं मिला कि भारतीय टीम रोहित शर्मा से आगे बढ़ने की तैयारी कर रही है। इसके उलट उन्होंने लगातार रोहित के अनुभव, क्षमता और वापसी की संभावना पर भरोसा जताया। अब सभी की नजरें लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले पर होंगी, जहां रोहित शर्मा के पास आलोचकों को जवाब देने और अपनी फॉर्म में वापसी का सुनहरा मौका होगा।