नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-2 मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच भिड़ंत होनी है, लेकिन फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर बारिश की वजह से मैच रद्द हो गया तो फाइनल में कौन पहुंचेगा? IPL के नियमों के मुताबिक ऐसी स्थिति के लिए पहले से स्पष्ट प्रावधान तय किए गए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है और अब दूसरी फाइनलिस्ट टीम का फैसला क्वालीफायर-2 से होना है।
बारिश होने पर क्या कहता है IPL का नियम?
अगर मुल्लांपुर में खेले जाने वाले क्वालीफायर-2 मैच के दौरान बारिश होती है, तो मैच अधिकारियों की पहली कोशिश मुकाबले को उसी दिन पूरा कराने की होगी। इसके लिए IPL नियमों के तहत 120 मिनट का अतिरिक्त समय भी रखा गया है। यानी तय समय के अलावा दो घंटे अतिरिक्त दिए जा सकते हैं ताकि मुकाबले का नतीजा निकल सके। नियमों के मुताबिक दोनों टीमों के बीच कम से कम 5-5 ओवर का मैच करवाने की कोशिश की जाएगी। अगर मौसम इतना खराब हो कि दोनों पारियों में पांच-पांच ओवर का खेल भी संभव नहीं हो पाता, तब मैच को रद्द घोषित कर दिया जाएगा।
मैच रद्द हुआ तो किसे मिलेगा फाइनल का टिकट?
अगर क्वालीफायर-2 बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो जाता है या न्यूनतम ओवरों का खेल नहीं हो पाता, तो फाइनल में वही टीम पहुंचेगी जिसने लीग स्टेज में बेहतर प्रदर्शन किया हो। यानी पॉइंट्स टेबल में ऊपर रहने वाली टीम को फायदा मिलेगा। इस आधार पर गुजरात टाइटंस को फाइनल का टिकट मिलेगा, क्योंकि लीग चरण में टीम दूसरे स्थान पर रही थी। वहीं राजस्थान रॉयल्स चौथे स्थान पर रही थी। ऐसे में बारिश की स्थिति में राजस्थान का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा।
प्लेऑफ में दूसरी बार आमने-सामने होंगी दोनों टीमें
राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस IPL प्लेऑफ इतिहास में दूसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले दोनों टीमों की भिड़ंत IPL 2022 के क्वालीफायर-1 में हुई थी। उस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।अब एक बार फिर दोनों टीमें बड़े मुकाबले में आमने-सामने हैं और फैंस को हाई-वोल्टेज मुकाबले की उम्मीद है। हालांकि मौसम भी इस मैच का बड़ा फैक्टर बन सकता है।
RCB पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही IPL 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि फाइनल में उसका सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा या गुजरात टाइटंस से। अगर मौसम साफ रहा तो फैंस को रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।