मुल्लांपुर: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस जीत के साथ राजस्थान ने क्वालीफायर-2 में जगह बना ली है, जहां अब उसका मुकाबला 29 मई को गुजरात टाइटंस से न्यू चंडीगढ़ में होगा। इस मैच की विजेता टीम 31 मई को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ फाइनल खेलेगी।
वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी ने बदला मैच
मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 243 रन बनाए। टीम को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 7.6 ओवर में 125 रन जोड़ दिए। वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 12 छक्के शामिल थे। वहीं यशस्वी जायसवाल ने 29 रन बनाए।
ध्रुव जुरेल और रियान पराग ने भी दिखाई ताकत
तेज शुरुआत के बाद ध्रुव जुरेल ने 21 गेंदों में ताबड़तोड़ 50 रन बनाए। कप्तान रियान पराग ने भी 12 गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेलकर टीम के स्कोर को 243 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अंत में रवींद्र जडेजा 12 रन बनाकर नाबाद लौटे। राजस्थान की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने हैदराबाद के गेंदबाज संघर्ष करते नजर आए।
जोफ्रा आर्चर ने शुरुआती झटकों से तोड़ी हैदराबाद की कमर
244 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा को बिना खाता खोले आउट कर दिया। इसके बाद उन्होंने ईशान किशन और ट्रैविस हेड को भी पवेलियन भेजा। शुरुआती झटकों के बाद टीम दबाव में आ गई और लगातार विकेट गंवाती रही।
नीतीश रेड्डी और सलिल अरोड़ा की कोशिश नाकाम
हैदराबाद की ओर से नीतीश रेड्डी ने 38 रन और सलिल अरोड़ा ने 35 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर ऑलआउट हो गई। राजस्थान की गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 58 रन देकर 3 विकेट लिए। नांद्रे बर्गर, रवींद्र जडेजा और सुशांत मिश्रा ने 2-2 विकेट झटके।
अब गुजरात से भिड़ेगा राजस्थान
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स की टीम अब क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद का आईपीएल 2026 का सफर समाप्त हो गया है। राजस्थान की नजर अब फाइनल में पहुंचकर खिताब जीतने पर होगी।