नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेटर एस श्रीसंत के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। श्रीसंत के पिता वी शांताकुमारन नायर का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार सुबह करीब 9:45 बजे अंतिम सांस ली। परिवार के सदस्यों ने उनके निधन की पुष्टि की है। रिपोर्ट के अनुसार, वी शांताकुमारन नायर का कोच्चि स्थित लिसिए अस्पताल में इलाज चल रहा था। वह पिछले कुछ समय से हृदय संबंधी बीमारी से परेशान थे। इलाज के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी और उनका निधन हो गया।
रविवार को होगा अंतिम संस्कार
परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, वी शांताकुमारन नायर के पार्थिव शरीर को रविवार को कोठमंगलम स्थित उनके घर ले जाया जाएगा। इसके बाद शाम करीब 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। शांताकुमारन नायर भारतीय जीवन बीमा निगम यानी LIC में जोनल मैनेजर के पद से रिटायर हुए थे। वह अपनी पत्नी टीएन सावित्रीदेवी और बच्चों दीपू, निवेदिता, दिव्या और श्रीसंत के साथ रहते थे।
फिल्मों में भी काम कर चुके थे श्रीसंत के पिता
श्रीसंत के पिता का संबंध केवल नौकरी तक सीमित नहीं था। उन्होंने दो मलयाली फिल्मों में अभिनय भी किया था। कोठमंगलम में पले-बढ़े शांताकुमारन नायर अपने परिवार के लिए मजबूत सहारा माने जाते थे। परिवार के अनुसार, उम्र बढ़ने के साथ उन्हें हृदय संबंधी परेशानियां रहने लगी थीं। इसी वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
बेटे को क्रिकेटर बनाने के लिए बेच दिया था घर
एस श्रीसंत ने कई इंटरव्यू में अपने पिता के संघर्ष और योगदान का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा करने में उनके पिता ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई। श्रीसंत के मुताबिक, उनके क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने के लिए उनके पिता ने अपना घर तक बेच दिया था। उन्होंने बेटे के सपने को पूरा करने के लिए आर्थिक और भावनात्मक दोनों तरह से पूरा साथ दिया। श्रीसंत की सफलता के पीछे उनके पिता की मेहनत और समर्थन को अहम माना जाता है। यही वजह है कि उनके निधन की खबर से क्रिकेट जगत और श्रीसंत के प्रशंसकों में शोक की लहर है।
स्पॉट फिक्सिंग मामले में भी बेटे का किया था बचाव
साल 2013 में जब एस श्रीसंत पर स्पॉट फिक्सिंग के आरोप लगे थे, तब उनके पिता खुलकर बेटे के समर्थन में सामने आए थे। उन्होंने मीडिया के सामने दावा किया था कि श्रीसंत के खिलाफ साजिश रची जा रही है। बाद में जब श्रीसंत को मामले में निर्दोष घोषित किया गया, तो उनके परिवार ने कोच्चि में खुशी मनाई थी। इस पूरे दौर में उनके पिता लगातार बेटे के साथ खड़े रहे।
2022 में लिया था क्रिकेट से संन्यास
एस श्रीसंत ने साल 2022 में क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। इसके बाद वह लीजेंड्स लीग क्रिकेट में खेलते हुए नजर आए। वर्तमान में वह क्रिकेट से जुड़े कार्यक्रमों में विशेषज्ञ के तौर पर भी काम करते हैं। श्रीसंत सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और अक्सर अपने परिवार के साथ तस्वीरें साझा करते रहे हैं। पिता के निधन के बाद उनके प्रशंसक और क्रिकेट जगत के लोग परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। वी शांताकुमारन नायर का निधन श्रीसंत के लिए व्यक्तिगत रूप से बड़ी क्षति है, क्योंकि उनके क्रिकेट करियर को संवारने में पिता का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा था।