मुंबई - भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने SRT10 अल्टेवोल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्पोर्ट्स अकादमी के उद्घाटन के दौरान भारत में खेल संस्कृति को लेकर बड़ा संदेश दिया। भारत रत्न से सम्मानित पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि, देश को सिर्फ “खेल प्रेमी राष्ट्र” नहीं बल्कि “खेल खेलने वाला राष्ट्र” बनाना समय की जरूरत है।
सचिन ने किया खेल केंद्र का उद्घाटन
भारत रत्न से सम्मानित पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अपने बयान में आगे कहा कि, आज हम एक शानदार खेल केंद्र का उद्घाटन कर रहे हैं। यहां खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन सुविधाएं मौजूद हैं। कुछ समय पहले हमने मुंबई में भी ऐसा ही एक केंद्र शुरू किया था। हमारा उद्देश्य बच्चों और युवाओं को बेहतर ट्रेनिंग और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें।
युवाओं को मेहनत और अनुशासन का संदेश
सचिन ने युवाओं को मेहनत और निरंतर अभ्यास का महत्व बताते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि खिलाड़ी खुद को आगे बढ़ाने के लिए पूरी मेहनत करें। उन्होंने कहा कि सही सुविधाएं और सही मार्गदर्शन मिलने पर भारत के युवा दुनिया में देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं
पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने यह भी कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, फिटनेस और आत्मविश्वास का सबसे बड़ा जरिया है। देश में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि को सकारात्मक बताते हुए सचिन ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भारत वैश्विक खेल मंच पर और मजबूत पहचान बनाएगा।