नई दिल्ली - भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के 2027 वनडे विश्व कप में खेलने को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा हो रही है। कुछ क्रिकेट प्रशंसक उनकी बढ़ती उम्र को देखते हुए मानते हैं कि उनके लिए 2027 तक खेलना मुश्किल हो सकता है, जबकि कई लोगों का कहना है कि अगर रोहित लगातार रन बनाते रहे तो वह विश्व कप तक टीम का हिस्सा बने रह सकते हैं। इसी बहस के बीच भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने रोहित शर्मा का समर्थन किया है।
साईराज बहुतुले का अहम बयान...
भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने टीम के सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा को वनडे टीम का बेहद महत्वपूर्ण खिलाड़ी बताया है। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा का योगदान केवल रन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका अनुभव, नेतृत्व और खेल को समझने की क्षमता टीम को लगातार मजबूत बनाती है।
2027 वर्ल्ड कप को लेकर बढ़ी चर्चा
पिछले वर्ष टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। सोशल मीडिया और कई क्रिकेट प्रशंसक इन दोनों दिग्गजों के आगे खेलने पर सवाल उठा रहे है। खासकर 2027 वनडे विश्व कप को देखते हुए रोहित की भूमिका और उनकी तैयारियों पर क्रिकेट विशेषज्ञों की नजर बनी हुई है।
हालिया फॉर्म पर उठे सवाल
हाल के समय में टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा का बल्ला वनडे क्रिकेट में उम्मीद के मुताबिक नहीं चला है। उन्होंने अपनी पिछली चार वनडे पारियों में सिर्फ 77 रन बनाए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में भी वह बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे, जिसके बाद उनकी फॉर्म को लेकर सवाल उठने लगे।
आंकड़ों से कहीं ज्यादा है योगदान
हालांकि भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले का मानना है कि रोहित शर्मा की अहमियत केवल आंकड़ों से नहीं आंकी जा सकती। दूसरे वनडे मैच से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि रोहित एक चैंपियन क्रिकेटर हैं और टीम में उनकी मौजूदगी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का काम करती है। उन्होंने कहा कि, रोहित शर्मा बेहद अनुभवी खिलाड़ी हैं। वह सिर्फ बल्लेबाजी के कारण टीम में नहीं हैं, बल्कि अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता से टीम को अतिरिक्त मजबूती देते हैं।
युवा खिलाड़ियों को मिल रहा फायदा
भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच बहुतुले ने विशेष रूप से टीम इंडिया के कप्तान और युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल का जिक्र करते हुए कहा कि रोहितशर्मा की मौजूदगी से उन्हें काफी फायदा मिलता है। मैदान पर रोहित की सोच, रणनीति और दबाव में फैसले लेने की क्षमता युवा खिलाड़ियों के विकास में मदद करती है।
टीम के लिए अब भी बेहद महत्वपूर्ण
कोच के अनुसार, रोहित शर्मा का अनुभव और मैच परिस्थितियों को पढ़ने की क्षमता भारतीय टीम के लिए अमूल्य है। यही वजह है कि भले ही हालिया आंकड़े उनके पक्ष में न हों, लेकिन टीम प्रबंधन उन्हें 2027 विश्व कप की योजनाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा मानता है। रोहित शर्मा फिलहाल भारतीय वनडे टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं और टीम को उम्मीद है कि आने वाले मुकाबलों में वह अपने बल्ले से भी बड़ा योगदान देंगे।