नई दिल्ली - भारतीय क्रिकेट के दिग्गज राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी को लेकर चर्चा में हैं। कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) टी20 ट्रॉफी में समित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह संकेत दिया कि वह धीरे-धीरे अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्रिकेट प्रशंसक उनकी तकनीक की तुलना उनके पिता राहुल द्रविड़ से कर रहे हैं।
23 गेंदों में खेली 32 रन की उपयोगी पारी
हुबली के KSCA क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में 20 वर्षीय समित द्रविड़ ने कल्याणी बेंगलुरु ब्लास्टर्स की ओर से बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 32 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने छह शानदार चौके लगाए। समित ने अपनी पारी के दौरान बैकफुट कट, लॉफ्टेड ड्राइव और पुल शॉट्स जैसे बेहतरीन स्ट्रोक्स खेले, जिसने दर्शकों और क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींचा। समित ने दूसरे विकेट के लिए रोहन पाटिल के साथ 70 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। उनकी संयमित लेकिन आक्रामक बल्लेबाजी ने ब्लास्टर्स को बड़े स्कोर की नींव रखने में अहम भूमिका निभाई।
रोहन पाटिल और प्रवीण दुबे ने जड़ा अर्धशतक
बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 203 रन बनाए। टीम की ओर से रोहन पाटिल ने 38 गेंदों में 64 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि प्रवीण दुबे ने 28 गेंदों में 51 रन बनाकर स्कोर को और मजबूत किया। इसके अलावा शिवराज ने अंतिम ओवरों में सिर्फ 7 गेंदों में 23 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया।
हुबली टाइगर्स ने दी कड़ी टक्कर
204 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए हुबली टाइगर्स ने भी जोरदार संघर्ष किया। अनीश्वर गौतम ने 34, शिवकुमार रक्षित ने 41 और मनवंत कुमार ने सिर्फ 22 गेंदों में विस्फोटक 60 रन बनाए। अभिनव मनोहर ने भी 15 गेंदों में 21 रन की उपयोगी पारी खेलकर मुकाबले को आखिरी गेंद तक पहुंचा दिया। आखिरी गेंद पर टीम को जीत के लिए पांच रन चाहिए थे, लेकिन बेंगलुरु ब्लास्टर्स के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और हुबली की पारी 201/7 पर रोक दी। ब्लास्टर्स की ओर से निश्चय राव ने 3 विकेट, जबकि विदवत कावेरप्पा ने 2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
अंक तालिका में शीर्ष पर मजबूत हुई ब्लास्टर्स
इस रोमांचक जीत के साथ कल्याणी बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने सात मैचों में अपनी छठी जीत दर्ज की और 12 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान और मजबूत कर लिया। दूसरी ओर, हुबली टाइगर्स को इस सीजन की तीसरी हार का सामना करना पड़ा। वहीं, समित द्रविड़ की लगातार बेहतर होती बल्लेबाजी ने यह साफ कर दिया है कि वह भविष्य में भारतीय क्रिकेट के लिए एक मजबूत दावेदार बन सकते हैं।