मुंबई - ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स ने आगामी टी20 मुंबई लीग 2026 के लिए भारत के स्टार ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को टीम का कप्तान नियुक्त किया है। मुंबई क्रिकेट के सबसे सफल खिलाड़ियों में शुमार शार्दुल ठाकुर भारत का विभिन्न प्रारूपों में पहले भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। फ्रेंचाइजी का यह फैसला निश्चित तौर पर पिछले सीजन में सेमीफाइनल में मिली हार की रार से आगे निकलकर ट्रॉफी जीतने के मजबूत इरादे को दर्शाता है।
कप्तानी करना मेरे लिए सम्मान की बात
कप्तान नियुक्त किए जाने के बाद शार्दुल ठाकुर ने कहा कि, टी20 मुंबई लीग में ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की कप्तानी करना मेरे लिए सम्मान की बात है। हमारे पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का समूह और बेहद अनुभवी कोचिंग स्टाफ है। हमारा फोकस अच्छी तैयारी करने, सकारात्मक क्रिकेट खेलने और हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर रहेगा। हम एक विजयी संस्कृति विकसित करना चाहते हैं और अपने प्रशंसकों को गर्व महसूस कराना चाहते हैं।
शार्दुल एक मैच विजेता और बेहतरीन लीडर हैं
चर्चा को आगे बढ़ाते हुए ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स के मालिक विक्की रूपचंदानी ने कहा कि, "शार्दुल एक मैच विजेता और बेहतरीन लीडर हैं, जिन्हें मुंबई क्रिकेट की गहरी समझ है। उच्चतम स्तर पर उनका अनुभव टीम के लिए बेहद मूल्यवान साबित होगा। हमें विश्वास है कि उनके नेतृत्व और मुख्य कोच धवल कुलकर्णी के मार्गदर्शन में टीम इस सीजन यादगार प्रदर्शन करेगी।
टी20 मुंबई लीग 2026 का आयोजन 1 जून से 13 जून तक होना है, जिसमें ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स अपने अभियान की शुरुआत टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ करेगी।