नई दिल्ली - भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे ने आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में अपने करियर की एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। बेलफास्ट में खेले गए मुकाबले के दौरान उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 1000 रन पूरे किए। पारी के दौरान 9 रन बनाते ही उन्होंने इस खास मुकाम को छू लिया और भारतीय क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करा लिया।
648 गेंदों में पूरे किए 1000 रन
शिवम दुबे भारत की ओर से सबसे कम गेंदों में 1000 टी20 इंटरनेशनल रन पूरे करने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि महज 648 गेंदों में हासिल की। इस रिकॉर्ड के साथ उन्होंने हार्दिक पांड्या और संजू सैमसन को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने अपने 1000 रन पूरे करने के लिए 679 गेंदों का सामना किया था।
इस सूची में अभिषेक और सूर्यकुमार आगे
भारत के लिए सबसे तेज 1000 टी20 इंटरनेशनल रन बनाने का रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम है। उन्होंने यह कारनामा सिर्फ 528 गेंदों में किया था। दूसरे स्थान पर सूर्यकुमार यादव हैं, जिन्होंने 573 गेंदों में 1000 रन पूरे किए थे। अब इस प्रतिष्ठित सूची में शिवम दुबे तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
टी20 इंटरनेशनल में शानदार प्रदर्शन
शिवम दुबे का टी20 इंटरनेशनल करियर लगातार शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 65 मैचों की 49 पारियों में 30.78 की औसत और 154.64 के स्ट्राइक रेट से 1016 रन बनाए हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी भारतीय टीम के लिए कई मौकों पर मैच जिताने वाली साबित हुई है।
बल्ले के साथ गेंद से भी अहम खिलाड़ी
अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में शिवम दुबे 6 अर्धशतक लगा चुके हैं। उन्होंने अब तक 65 चौके और 65 छक्के भी जड़े हैं। बल्लेबाजी के साथ-साथ वह मध्यम गति की गेंदबाजी से भी टीम को संतुलन प्रदान करते हैं, जिससे वह भारतीय टीम के सबसे उपयोगी ऑलराउंडरों में शामिल हो चुके हैं।
दो बार विश्व विजेता टीम का हिस्सा
शिवम दुबे 2024 और 2026 टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया में मजबूत जगह बनाई है। ऐसे में आने वाले बड़े टूर्नामेंटों में भी उनसे टीम को अहम योगदान की उम्मीद रहेगी।