नई दिल्ली - आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल दाएं टखने में चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। आपको बता दें कि, श्रेयंका को ग्रुप-ए में नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते समय चोट लगी थी। चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें मैदान से स्ट्रेचर पर बाहर ले जाना पड़ा। वह अपने गेंदबाजी स्पेल के पहले ही ओवर में असहज महसूस करने लगी थीं।

प्रेमा रावत को मिला मौका
भारतीय टीम प्रबंधन ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल की जगह अनकैप्ड लेग स्पिनर प्रेमा रावत को टीम में शामिल किया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भी इस बदलाव को मंजूरी दे दी है। ICC की ओर से जारी बयान में कहा गया कि महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने श्रेयंका पाटिल के स्थान पर प्रेमा रावत को भारतीय टीम में शामिल करने की अनुमति दे दी है।

घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
24 वर्षीय प्रेमा रावत ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण नहीं किया है, लेकिन घरेलू क्रिकेट में अपने प्रभावशाली प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित कियाहै। वह हाल ही में भारत-ए टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर थीं और अब सीधे विश्व कप टीम से जुड़ेंगी।
भारत की स्पिन आक्रमण को झटका
श्रेयंका पाटिल भारतीय टीम के स्पिन आक्रमण का अहम हिस्सा मानी जाती हैं। ऐसे में टूर्नामेंट के बीच उनका बाहर होना टीम के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। अब सभी की नजरें प्रेमा रावत पर होंगी कि वह बड़े मंच पर मिले इस अवसर का कितना फायदा उठा पाती हैं।