नई दिल्ली - भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान टीम को 7 विकेट से हरा दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और भारतीय गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे को सिर्फ 125 रन पर समेट दिया। इसके बाद भारत ने लक्ष्य को महज 13.2 ओवर में हासिल कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

वैभव सूर्यवंशी ने खेली तूफानी पारी
भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। वैभव ने विस्फोटक अंदाज में अर्धशतक जड़ते हुए टीम इंडिया को आसान जीत दिलाई। उनकी तेजतर्रार पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह भारतीय क्रिकेट के भविष्य के बड़े सितारों में शामिल हैं।

श्रेयस अय्यर ने की जमकर तारीफ
मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने वैभव सूर्यवंशी की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि युवा बल्लेबाज ने जिस आत्मविश्वास और निडरता के साथ बल्लेबाजी की, वह बेहद प्रभावशाली थी। कप्तान अय्यर ने अपने इस बयान में आगे कहा कि, उसकी बल्लेबाजी शानदार थी। बल्लेबाजी के दौरान उसके अंदर किसी तरह का दबाव या डर दिखाई नहीं दिया। जिस तरह उसने अपनी पारी को अप्रोच किया, वह काफी परिपक्व लगा।
हरारे की परिस्थितियों का मिला फायदा
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कि वैभव पहले भी हरारे में खेल चुके हैं, इसलिए उन्हें यहां की विकेट और परिस्थितियों की अच्छी समझ थी। कप्तान के मुताबिक, यही वजह रही कि उन्होंने शुरुआत से ही सकारात्मक क्रिकेट खेली और गेंदबाजों पर हावी रहे। उन्होंने कहा, "वह यहां पहले भी खेल चुका है, इसलिए उसे विकेट के बारे में अच्छी जानकारी थी। उसने उसी अनुभव का पूरा फायदा उठाया।
अंडर-19 फाइनल की पारी का भी किया जिक्र
श्रेयस अय्यर ने वैभव सूर्यवंशी के आत्मविश्वास की वजह बताते हुए उनके अंडर-19 क्रिकेट के प्रदर्शन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिस खिलाड़ी ने अंडर-19 फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में 175 रन की यादगार पारी खेली हो, उसके अंदर स्वाभाविक रूप से आत्मविश्वास होगा। कप्तान अय्यर ने आगे कहा कि, मुझे लगता है कि उसने अंडर-19 फाइनल में 175 रन बनाए थे। इसलिए जब वह मैदान पर उतरता है तो उसके अंदर गजब का आत्मविश्वास दिखाई देता है। आज भी वही देखने को मिला।
सीरीज की शानदार शुरुआत से खुश कप्तान
भारतीय कप्तान ने टीम के प्रदर्शन पर भी संतोष जताया। उन्होंने कहा कि गेंदबाजों ने पहले जिम्बाब्वे को कम स्कोर पर रोककर शानदार काम किया और फिर बल्लेबाजों ने बिना किसी दबाव के लक्ष्य हासिल कर लिया। श्रेयस अय्यर ने कहा कि सीरीज की शुरुआत जिस अंदाज में हुई है, उससे टीम का मनोबल काफी बढ़ा है। अब भारतीयटीम की कोशिश अगले मुकाबले में भी जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम करने की होगी। वहीं वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन ने यह साफ कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट को एक और निडर और आत्मविश्वासी युवा बल्लेबाज मिल चुका है।