नई दिल्ली - भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर बड़ा बयान दिया है। पिछले कुछ समय से यह सवाल लगातार उठ रहा था कि क्या दोनों दिग्गज बल्लेबाज वनडे विश्व कप 2027 में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। अब गिल ने साफ कर दिया है कि दोनों खिलाड़ी अभी भी टीम की भविष्य की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं।
"रोहित और विराट हमारी बल्लेबाजी की रीढ़"
इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभमन गिल ने कहा कि, विराट भाई और रोहित भाई पिछले एक दशक से भारत की बल्लेबाजी क्रम की रीढ़ रहे हैं। वे हमारी टीम का बहुत जरूरी हिस्सा हैं। उनका अनुभव और वे जो स्किल टीम में लाते हैं, वह बेहद कीमती है। पिछले 10 वर्षों में उन्होंने अलग-अलग परिस्थितियों, बड़े टूर्नामेंटों और दबाव वाले मुकाबलों में जो प्रदर्शन किया है, वह हर किसी ने देखा है।"
विश्व कप 2027 की योजनाओं में शामिल हैं दोनों दिग्गज
गिल के बयान से साफ संकेत मिला कि भारतीय टीम प्रबंधन और चयनकर्ता विश्व कप 2027 की योजनाओं में रोहित शर्मा और विराट कोहली को अभी भी महत्वपूर्ण मान रहे हैं। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन कप्तान का यह बयान काफी अहम माना जा रहा है।
अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के बीच संतुलन पर जोर
शुभमन गिल ने टीम के भविष्य के संयोजन पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि बड़े टूर्नामेंटों में अनुभव की अहम भूमिका होती है और यही कारण है कि टीम अपने अनुभवी खिलाड़ियों को बनाए रखते हुए युवा प्रतिभाओं को भी तैयार करना चाहती है। उन्होंने कहा कि, दबाव की परिस्थितियों में अनुभव बहुत काम आता है। जब कोई खिलाड़ी बार-बार ऐसे मुकाबले खेल चुका होता है, तो उसे हालात को संभालना बेहतर आता है। हम अपनी मजबूत कोर टीम को बनाए रखना चाहते हैं, लेकिन साथ ही युवा खिलाड़ियों को भी अवसर देना जरूरी है ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव हासिल कर सकें।
टीम इंडिया की नजर भविष्य पर भी
गिल ने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन अस्थिर नहीं है, बल्कि टीम प्रबंधन भविष्य को ध्यान में रखते हुए धीरे-धीरे नए खिलाड़ियों को तैयार कर रहा है। उनका मानना है कि अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का सही संतुलन ही भारत को आने वाले बड़े टूर्नामेंटों में सफलता दिला सकता है। शुभमन गिल के इस बयान के बाद फिलहाल यह साफ हो गया है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर टीम इंडिया ने अपने दरवाजे बंद नहीं किए हैं और दोनों दिग्गज अभी भी विश्व कप 2027 की योजनाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा बने हुए हैं।