नई दिल्ली - भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। TIME मैगजीन की वर्ष 2026 की "100 सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों" की सूची में जगह बनाकर उन्होंने इतिहास रच दिया है। खास बात यह है कि इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने वाली वह इकलौती भारतीय खिलाड़ी हैं।
दुनिया के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच मिली जगह
TIME की इस विशेष सूची में दुनिया के कई बड़े खेल सितारों को शामिल किया गया है। इनमें लेब्रोन जेम्स, लियोनेल मेस्सी, कार्लोस अल्कराज, क्रिस्टियानो रोनाल्डो और रोरी मैक्लेरॉयजैसे दिग्गज नाम शामिल हैं। ऐसे खिलाड़ियों के बीच स्मृति मंधाना का चयन भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
टी20 वर्ल्ड कप में भी शानदार फॉर्म
इस समय स्मृति मंधाना इंग्लैंड में आयोजित महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले में उन्होंने 44 गेंदों में 68 रन की शानदार पारी खेलकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी इस पारी ने एक बार फिर साबित किया कि वह बड़े मैचों की खिलाड़ी हैं।
रिकॉर्ड्स की रानी बनीं मंधाना
29 वर्षीय स्मृति मंधाना के नाम महिला क्रिकेट में कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। वह घरेलू वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला बल्लेबाज हैं। इसके अलावा तीनों अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों में शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी भी हैं। उनके नाम महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतकों के संयुक्त रिकॉर्ड का भी गौरव है। साथ ही वह एक कैलेंडर वर्ष में 1000 से अधिक वनडे रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर भी बन चुकी हैं।
टीम की सफलता को देती हैं प्राथमिकता
TIME मैगजीन ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि मंधाना व्यक्तिगत उपलब्धियों से ज्यादा टीम की सफलता को महत्व देती हैं। उनकी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु महिलाने 2024 और 2026 में वूमेन्स प्रीमियर लीग का खिताब जीता। स्मृति मंधाना की यह उपलब्धि न केवल भारतीय महिलाक्रिकेट बल्कि देश के खेल जगत के लिए भी गर्व का विषय है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी की महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।