IPL 2026 - पूर्व भारतीय कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की भारतीय टीम में वापसी का जोरदार समर्थन किया है। कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गांगुली ने चयनकर्ताओं से अपील की है कि, शमी को फिर से राष्ट्रीय टीम में मौका दिया जाना चाहिए।
बुमराह के साथ शमी संभालें नई गेंद
कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबले से पहले हुए इस इवेंट में पूर्व भारतीय कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि शमी जैसे अनुभवी गेंदबाज को जसप्रीत बुमराह के साथ नई गेंद संभालनी चाहिए। उनका मानना है कि दोनों की जोड़ी भारतीय टीम के लिए बेहद घातक साबित हो सकती है।
आईपीएल 2026 में शमी का शानदार प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में शमी का प्रदर्शन इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है। हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 2 विकेट लिए। इस दौरान उन्होंने 24 में से 18 गेंदें डॉट फेंकीं और टीम के खतरनाक ओपनर अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड को जल्दी आउट कर विपक्ष को बैकफुट पर धकेल दिया। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में भी शमी ने पहली ही गेंद पर केएल राहुल को गोल्डन डक पर आउट कर अपनी धारदार गेंदबाजी का परिचय दिया था। उस मैच में उन्होंने 28 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
गांगुली ने शमी के प्रदर्शन की सराहना की
बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि, हम सभी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनका स्पेल देखा, जहां उन्होंने टी20 के दो बेहतरीन बल्लेबाजों के खिलाफ चार ओवर में सिर्फ नौ रन दिए। यह शानदार प्रदर्शन था। उन्होंने आगे कहा कि लगातार खेलते रहने से खिलाड़ी अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में आ जाते हैं, और शमी फिलहाल उसी दौर से गुजर रहे हैं।
शमी पूरी तरह फिट और मैच के लिए तैयार नजर आते हैं
गौरतलब है कि घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद मोहम्मद शमी फिलहाल भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। इस पर गांगुली ने कहा कि शमी पूरी तरह फिट और मैच के लिए तैयार नजर आते हैं, ऐसे में उन्हें नजरअंदाज करना सही नहीं होगा। गांगुली को उम्मीद है कि चयनकर्ता जल्द ही शमी के प्रदर्शन पर ध्यान देंगे और उन्हें एक बार फिर भारत के लिए खेलने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि इतने अनुभवी और प्रतिभाशाली गेंदबाज का टीम में होना हमेशा फायदेमंद होता है।