रियो डी जेनेरियो: विश्व कप में लगातार दो मैच जीतकर ब्राजील की टीम नॉकआउट की रेस में काफी आगे निकल चुकी है। लेकिन इन सबके बीच फुटबॉल जगत में सबसे ज्यादा चर्चा सेलेकाओ (ब्राजील टीम) के मुख्य हथियार नेमार जूनियर को लेकर हो रही है। चोट की वजह से शुरुआती दोनों मैचों में नेमार मैदान पर नहीं उतर सके। अब इस मामले पर ब्राजील के राष्ट्रपति लुला दा सिल्वा ने अपने ही देश के सबसे बड़े स्टार पर एक ऐसा तंज कसा है, जिसने खेल जगत में खलबली मचा दी है। राष्ट्रपति लुला ने साफ लहजे में कहा कि नेमार दुनिया के पहले ऐसे फुटबॉलर बन गए हैं जो 'वर्क फ्रॉम होम' (घर से काम) कर रहे हैं!
दरअसल, राष्ट्रपति लुला दा सिल्वा देश के सार्वजनिक स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे (Public Health Infrastructure) में निवेश की घोषणा करने के लिए एक आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां आम जनता से बातचीत के दौरान उन्होंने एक किशोर से पूछा कि इस समय ब्राजील की टीम में सबसे अच्छा फुटबॉलर कौन है? लड़के ने जैसे ही 'नेमार' का नाम लिया, राष्ट्रपति मुस्कुरा दिए। उन्होंने हंसते हुए कहा, "नेमार तो खेल ही नहीं रहा है बेटा। असल में, नेमार दुनिया का पहला ऐसा खिलाड़ी है जो नेशनल टीम के लिए 'वर्क फ्रॉम होम' कर रहा है। उसे 'वर्क फ्रॉम होम प्लेयर' कहा जा सकता है।" राष्ट्रपति यहीं नहीं रुके, उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी जोड़ा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर ऐसे मीम्स भी देखे हैं जहां लोग एआई (AI) के जरिए पेले जैसे 11 खिलाड़ी तैयार करके नेशनल टीम बनाने की बात कह रहे हैं।
चोट की वजह से टीम से दूर थे नेमार
गौरतलब है कि नेमार ने करीब एक महीने पहले अपना आखिरी मैच खेला था। सैंटोस के लिए खेलते समय उनके काफ मसल (पिंडली की मांसपेशी) में चोट लग गई थी, जिसके बाद कई लोगों को उम्मीद नहीं थी कि उन्हें नेशनल टीम में जगह मिलेगी। टीम में चुने जाने के बाद पता चला कि उनकी चोट काफी गंभीर है। मोरक्को के खिलाफ मैच के दौरान नेमार सिर्फ डगआउट में बैठे नजर आए थे। वहीं, फिलाडेल्फिया में हैती के खिलाफ हुए मैच के दौरान तो नेमार टीम के साथ गए भी नहीं थे; वे अपनी रिकवरी के लिए न्यू जर्सी में ही रुक गए थे।
25 जून को स्कॉटलैंड के खिलाफ उतर सकते हैं मैदान पर
हालांकि, अब नेमार के सिर से 'वर्क फ्रॉम होम' का यह टैग हटने वाला है। आगामी 25 जून को मियामी स्टेडियम में ग्रुप 'सी' के आखिरी मैच में ब्राजील का सामना स्कॉटलैंड से होना है। इस मैच में नेमार के खेलने की पूरी संभावना है। ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने नेमार की फिटनेस पर अपडेट देते हुए कहा, "नेमार कल अलग से अभ्यास करेंगे और सोमवार से वे टीम के साथ जुड़ जाएंगे। स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में वे चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।"
नेमार की अनुपस्थिति में अब तक विनिसियस जूनियर ने अकेले दम पर ब्राजील की टीम को आगे बढ़ाया है। नेमार की वापसी से निश्चित रूप से विनिसियस और पूरी ब्राजीलियाई टीम पर से दबाव कम होगा।