आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की, लेकिन इस जीत के साथ ही एक विवाद भी खड़ा हो गया। यह विवाद सूर्यकुमार यादव को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खिलाने को लेकर था। उनके फैंस और कई क्रिकेट विशेषज्ञों ने इस फैसले पर सवाल उठाए और MI मैनेजमेंट की आलोचना की।
यह कोई मसाला स्टोरी नहीं
इस मामले पर MI के हेड कोच महेला जयवर्धने ने साफ-साफ अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, यह कोई मसाला स्टोरी नहीं, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति थी।दरअसल, KKR के खिलाफ मैच में सूर्यकुमार यादव फील्डिंग के लिए मैदान में नहीं उतरे और केवल इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के तौर पर बल्लेबाजी के लिए आए। इस फैसले के बाद सोशल मीडिया और एक्सपर्ट पैनलों में चर्चाएं तेज हो गईं।
कोई अनचाही कहानियां मत बनाइए
जयवर्धने ने बताया कि सूर्यकुमार हल्की ग्रोइन टाइटनेस से जूझ रहे थे और टीम ने उनके स्वास्थ्य और सुरक्षित प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए उन्हें अतिरिक्त आराम दिया। उन्होंने कहा, “प्लीज, कोई अनचाही कहानियां मत बनाइए… यह सिर्फ एहतियात है।” इस बयान से यह स्पष्ट हो गया कि मुंबई इंडियंस की रणनीति पूरी तरह से खिलाड़ी की सुरक्षा और टीम के हित को ध्यान में रखते हुए बनाई गई थी, न कि किसी विवाद या आलोचना को ध्यान में रखकर।