2026 टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया को लगातार बारिश ने करारा झटका दिया। जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच होने वाला मैच लगातार बारिश के कारण बिना टॉस के रद्द कर दिया गया। इसी के साथ जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 में क्वालीफाई कर गई, जबकि ऑस्ट्रेलिया 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लीग स्टेज से ही बाहर हो गया। 2009 टी20 विश्व कप के बाद यह पहली बार है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम लीग स्टेज से ही टूर्नामेंट से बाहर हुई है।
बिना टॉस के हो गया फैसला
जिम्बाब्वे और आयरलैंड का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण था, लेकिन पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण यह मैच रद्द करार दिया गया। ढाई घंटे तक इंतजार के बाद भी खेल शुरू नहीं हो पाया और मैच रद्द घोषित किया गया।
अगर जिम्बाब्वे हारती, तो ऑस्ट्रेलिया की सेमीफाइनल की उम्मीदें बनी रहती। कंगारू टीम इस बार आयरलैंड की जीत की दुआ कर रही थी, लेकिन बारिश ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। जिम्बाब्वे ने इस टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। सिकंदर रजा की टीम ने पहले ऑस्ट्रेलिया को हराकर विश्व कप का सबसे बड़ा उलटफेर किया था। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार को श्रीलंका से भी हार का सामना किया और अब उनका टूर्नामेंट से बाहर होना तय हो गया।
जिम्बाब्वे की टीम पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में पहुंची है। इससे पहले जिम्बाब्वे 2022 टी20 विश्व कप में सुपर-12 में खेल चुका था। 2026 टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 स्टेज में जिम्बाब्वे सातवीं टीम बन गई है। इससे पहले भारत, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और न्यूजीलैंड सुपर-8 में क्वालीफाई कर चुके हैं। अब अंतिम स्थान के लिए पाकिस्तान और यूएसए के बीच जंग बाकी है। अगर पाकिस्तान अपना अंतिम लीग मैच हार जाता है, तो वह भी टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा।
Comments (0)