टी20 वर्ल्ड कप के 10वें संस्करण के खिताबी मुकाबले में आज यानी की रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की भिड़ंत होगी। आपको बता दें कि, यह महामुकाबला शाम 7 बजे शुरु होगा। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में कीवी टीम को हराने के बाद, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया के पास इतिहास रचने और मेजबान के तौर पर पहली बार खिताब जीतने का सुनहरा मौका है।
होटल के कमरों का किराया 300 से 400 प्रतिशत तक बढ़ा
भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज होने वाले टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले अहमदाबाद में होटल के कमरों का किराया 300 से 400 प्रतिशत तक बढ़ गया है। एक उद्योग प्रतिनिधि ने शनिवार को ये जानकारी दी। प्रतिनिधि ने बताया कि रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस बड़े मैच के कारण होटल रूम की मांग में भारी बढ़ोतरी हुई है।
क्रिकेट प्रेमियों के कारण कमरों का किराया बढ़ा
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ गुजरात के अध्यक्ष नरेंद्र सोमानी ने बताया कि इस निर्णायक मुकाबले के लिए देश-विदेश से आने वाले क्रिकेट प्रेमियों के कारण कमरों के किराये में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में जो कमरे पहले 5000 से 20,000 रुपये में उपलब्ध थे, उनके किराये में 300 से 400 प्रतिशत का उछाल आया है और अब वे 15,000 से 50,000 रुपये के बीच पहुंच गए हैं।
Comments (0)