टी-20 वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल मैच आज साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में शाम 7:00 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा।
वर्ल्ड कप इतिहास में दोनों टीमों की यह छठी भिड़ंत होगी। पिछले सभी पांच मुकाबले साउथ अफ्रीका ने जीते हैं। हालांकि, सेमीफाइनल में यह दोनों टीमों का पहली बार आमने-सामने मुकाबला होगा।
इस टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका अब तक अजेय रही है और उसने एक भी मैच नहीं गंवाया है। वहीं, न्यूजीलैंड को दो हार झेलनी पड़ी हैं — पहली ग्रुप स्टेज में साउथ अफ्रीका के खिलाफ और दूसरी सुपर-8 में इंग्लैंड के खिलाफ।
न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला 2005 में खेला गया था। अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 19 मैच खेले गए हैं, जिनमें प्रोटियाज टीम ने 12 और कीवी टीम ने 7 मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच आखिरी टी-20 मुकाबला इसी वर्ल्ड कप में खेला गया था, जिसे साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट से जीता था।
न्यूजीलैंड पांचवीं, साउथ अफ्रीका चौथी बार सेमीफाइनल में
न्यूजीलैंड की टीम पांचवीं बार टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। इससे पहले 2007, 2016, 2021 और 2022 में अंतिम चार में जगह बनाई थी, लेकिन इन चार मौकों में उसे केवल एक बार जीत मिली।
वहीं, साउथ अफ्रीका चौथी बार सेमीफाइनल खेल रही है। इससे पहले वह 2009, 2014 और 2024 में इस स्टेज तक पहुंची थी। इनमें से 2024 में उसने सेमीफाइनल जीतकर पहली बार फाइनल में जगह बनाई थी।
Comments (0)