मुल्लांपुर - शुभमन गिल के नेतृत्व में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को टेस्ट मैच बुरी तरह से हरा दिया। मैच शनिवार से शुरू हुआ था और सोमवार दोपहर में ही खत्म हो गया। तीसरे दिन का तीसरा सेशन खत्म भी नहीं हुआ था कि इससे पहले ही टीम ने मैच अपने नाम कर लिया। भारत ने इस मैच को पारी और 300 रन से अपने नाम कर लिया।बता दें कि, टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत की अब तक की ये सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के साथ ही भारत ने अब से करीब आठ साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। जब भारत ने वेस्टइंडीज को हराया था।
टूटा आठ साल पुराना महारिकॉर्ड
भारतीय टीम ने टेस्ट क्रिकेट की अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। बता दें कि, इससे पहले की बात करें तो भारत ने साल 2018 में वेस्टइंडीज को पारी और 272 रन से हराया था। वो मुकाबला राजकोट में खेला गया था। अब भारत ने इस मैच में अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हरा दिया है। इससे पहले भारत ने साल 2018 में जब अफगानिस्तान को बेंगलुरु में हराया था, तब वो जीत पारी और 262 रनों की थी।
अफगानिस्तान ने दूसरी पारी में 112 ही रन बनाए
भारतीय क्रिकेट टीम ने पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट के नुकसान पर 564 रनों का विशाल स्कोर बनाया था। इसमें टीम के कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान केएल राहुल के शानदार शतक आए। इसके अलावा स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और वॉशिंगटन सुंदर ने अर्धशतक लगाए। भारत ने एक पारी में जितने रन बनाए थे, अफगानिस्तान की टीम दोनों पारियों में मिलाकर भी उतने रन नहीं बना पाई। अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में 152 रन बना सकी और उसके बाद दूसरी पारी में केवल 112 रन ही बना सकी।
सुथार-सुंदर की शानदार गेंदबाजी
गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी में कमाल किया और इसके बाद गेंदबाजों ने मोर्चा संभाला। पहली पारी में डेब्यू कर रहे मानव सुथार ने 22 ओवर में छह विकेट चटकाए। उनके अलावा प्रसिद्ध को तीन और एक विकेट सुंदर को मिला। दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर को चार विकेट मिले। उनके अलावा कुलदीप यादव ने तीन और एक एक विकेट मानव सुथार और मोहम्मद सिराज को भी मिला।
अब होगी तीन मैचों की वनडे सीरीज
भारतीय क्रिकेट टीम और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बीच एक ही टेस्ट मैच था, लेकिन दौरा अभी पूरा नहीं हुआ है। अब तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जाएगी। इसका पहला मैच 13 जून को होना है। इसके लिए टीम इंडिया का ऐलान पहले ही हो गया है। चोट के कारण विराट कोहली पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं, उनकी जगह रिप्लेसमेंट के तौर पर यशस्वी जायसवाल को शामिल किया गया है।