नई दिल्ली - ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने आखिरकार IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच हुए चर्चित हैंडशेक विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है। हेड ने स्पष्ट किया कि विराट कोहली के साथ उनके रिश्तों में किसी तरह की कड़वाहट नहीं है और मैच के बाद हुई घटना को बेवजह बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया।
हैंडशेक घटना के बाद शुरू हुआ था विवाद
आईपीएल 2026 में हैदराबाद के उप्पल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के बाद विराट कोहली कथित तौर पर ट्रेविस हेड से हाथ मिलाए बिना आगे बढ़ गए थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और दोनों खिलाड़ियों के बीच अनबन की चर्चाएं शुरू हो गईं। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के फैंस के बीच भी सोशल मीडिया पर तीखी बहस देखने को मिली।
'सुलझाने जैसा कुछ भी नहीं था'
'कोड स्पोर्ट्स' से बातचीत में ट्रेविस हेड ने कहा कि इस पूरे मामले में ऐसा कुछ भी नहीं था जिसे लेकर विवाद खड़ा किया जाए।उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि मामला सुलझाने जैसा कुछ है। यह सिर्फ खेल का हिस्सा था। मैदान पर मुकाबला होता है और उसके बाद सब सामान्य हो जाता है। इसमें कोई हैरानी वाली बात नहीं थी। सब कुछ बिल्कुल सामान्य था।" हेड के मुताबिक, प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच तनाव होना स्वाभाविक है और इसे निजी रिश्तों से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।
पत्नी को सोशल मीडिया पर बनाया गया निशाना
इस विवाद का सबसे ज्यादा असर ट्रेविस हेड के परिवार पर पड़ा। उनकी पत्नी जेसिका डेविस ने खुलासा किया कि घटना के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें अपशब्दों और भद्दी गालियों का सामना करना पड़ा। हेड ने बताया कि यह उनके परिवार के लिए मानसिक रूप से काफी मुश्किल दौर था। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आलोचना झेलने की आदत होती है, लेकिन जब परिवार को निशाना बनाया जाता है तो स्थिति अलग हो जाती है।
जेसिका की तारीफ करते हुए कही बड़ी बात
ट्रेविस हेड ने कहा कि उनकी पत्नी ने पूरे मामले को बेहद संयम और समझदारी से संभाला। उन्होंने कहा, "जेसिका और मेरा नजरिया काफी सकारात्मक है। हम जानते हैं कि सार्वजनिक जीवन में ऐसी बातें होती रहती हैं। उन्होंने इस पूरे मामले को बहुत अच्छे से संभाला। असली चुनौती खुद के लिए नहीं, बल्कि अपने आसपास के लोगों के लिए होती है।" हेड ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ दिनों तक शोर रहता है, लेकिन समय के साथ लोग ऐसी घटनाओं को भूल जाते हैं।
RCB बनी थी लगातार दूसरी बार चैंपियन
गौरतलब है कि IPL 2026 के फाइनल में विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटन्स को हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब अपने नाम किया था। हालांकि पूरे सीजन में ट्रेविस हेड और विराट कोहली के कथित हैंडशेक विवाद ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं।अब ट्रेविस हेड के बयान के बाद यह साफ हो गया है कि उनके और विराट कोहली के बीच किसी तरह का व्यक्तिगत विवाद नहीं था। उन्होंने पूरे मामले को केवल मैदान की प्रतिस्पर्धा का हिस्सा बताया और साथ ही सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों के परिवारों को निशाना बनाए जाने पर भी चिंता जताई।
