गुवाहाटी - आईपीएल में एक नया सितारा तेजी से उभर रहा है। महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 26 गेंदों में 78 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को यादगार जीत दिलाई।
सूर्यवंशी ने गेंदबाजों पर बोला हमला
गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 201/8 का मजबूत स्कोर बनाया। लेकिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत से ही आक्रामक रही। सूर्यवंशी ने मैदान पर उतरते ही गेंदबाजों पर हमला बोल दिया और कुछ ही ओवरों में मैच का रुख बदल दिया। उनकी इस पारी की बदौलत राजस्थान ने लक्ष्य को दो ओवर पहले ही हासिल कर लिया।
मैं गेंदबाज के नाम से प्रभावित नहीं होता
मैच के बाद सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी का राज साझा करते हुए कहा कि वे गेंदबाज के नाम से प्रभावित नहीं होते। उनका पूरा ध्यान सिर्फ गेंद पर रहता है। उन्होंने कहा कि सामने जसप्रीत बुमराह या जोश हेजलवुड जैसे बड़े नाम हों, लेकिन खेलते समय वे सिर्फ गेंद को देखते हैं और उसी के अनुसार शॉट खेलते हैं।
सूर्यवंशी ने भुवनेश्वर-हेजलवुड की जमकर धुनाई की
सूर्यवंशी का आत्मविश्वास उनकी बल्लेबाजी में साफ झलकता है। इससे पहले भी वे बड़े गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रुख अपना चुके हैं। उन्होंने जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे दिग्गजों की गेंदों पर छक्के जड़कर अपनी काबिलियत साबित की है। गुवाहाटी में भी उन्होंने भुवनेश्वर कुमार और हेजलवुड जैसे अनुभवी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
सूर्यवंशी ने 7 छक्के लगाए...
अपनी इस पारी में सूर्यवंशी ने 7 छक्के लगाए, जो आरसीबी की पूरी टीम के बराबर थे। उनका स्ट्राइक रेट 300 रहा, जो उनकी विस्फोटक शैली को दर्शाता है। इस जीत में ध्रुव जुरेल ने भी अहम योगदान देते हुए 81 रन की नाबाद पारी खेली।
युवा खिलाड़ी टीम इंडिया की जर्सी में नजर आएगा
आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के दम पर कई युवा खिलाड़ियों ने भारतीय टीम में जगह बनाई है, जिनमें अभिषेक शर्मा, यशस्वी जायसवाल और नीतीश कुमार रेड्डी जैसे नाम शामिल हैं। अब वैभव सूर्यवंशी भी उसी राह पर तेजी से आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं। अगर उनका यही आक्रामक अंदाज जारी रहा, तो वह दिन दूर नहीं जब यह युवा खिलाड़ी टीम इंडिया की जर्सी में नजर आएगा।