नई दिल्ली - भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा में हैं। वे इस वक्त श्रीलंका में ट्राई सीरीज खेल रहे हैं, जो वनडे फॉर्मेट पर खेली जा रही है। वैभव के बल्ले से अफगानिस्तान के खिलाफ एक छोटी सी पारी आई, लेकिन इसमें वे तूफानी बल्लेबाजी करने में कामयाब रहे। हालांकि इस मैच में वे बड़ी पारी खेलना चाहतेथे, जिसमें नाकाम रहे। लेकिन भारतीय टीम को उन्होंने अच्छी शुरुआत जरूर दिला दी।
ट्राई सीरीज में भारतीय युवा खिलाड़ियों की परीक्षा जारी
आपको बता दें कि, श्रीलंका में इस वक्त तीन देशों के बीच ट्राई सीरीज खेली जा रही है। भारतीय टीम की कप्तानी यहां पर तिलक वर्मा कर रहे हैं, लेकिन सभी की नजरें भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर हैं। पहले मैच में जब वे श्रीलंकाई टीम के खिलाफ खेलने के लिए उतरे तो उनके बल्ले से ज्यादा रन नहीं आए। वे 12 बॉल पर 14 ही रन बनाकर आउट हो गए थे।
वैभव ने 200 के स्ट्राइक रेट से खेली तेजतर्रार पारी
इसके बाद दूसरे मैच का इंतजार था। आज यानी गुरुवार को भारत और अफगानिस्तान की टीम ए टीमें आमने सामने हैं। भारत की यहां भी पहले बल्लेबाजी आ गई। भारत की सलामी जोड़ी के तौर पर वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह क्रीज पर आए और धमाकेदार आगाज किया। इस मैच में वैभव ने एक भी हवाई स्ट्रोक नहीं खेला, बल्कि समझदारी से खेलते हुए दिखाई दिए। जब वे अपने अर्धशतक के करीब पहुंच रहे थे, उससे पहले ही आउट हो गए। वैभव ने मैच में 22 बॉल पर 44 रन बनाए। यानी उनका स्ट्राइक रेट पूरे 200 का रहा।
वैभव की पारी ने टीम को दी तेज गति
इस दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के युवा विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से नौ चौके आए, लेकिन छक्का वे एक भी नहीं लगा सके। वे अब्दुल्ला अहमदजई का शिकार बने। जब वैभव आउट हुए, तब तक भारतीय टीम अच्छी शुरुआत कर चुकी थी। वैभव आउट होते वक्त भारतीय ए टीम का स्कोर 74 रन हो चुका था। दूसरे छोर पर प्रभसिमरन सिंह ने भी उनका अच्छा साथ दिया।