नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में अपनी बल्लेबाजी से तहलका मचाने वाले 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया है। इस बार चर्चा उनकी बल्लेबाजी की नहीं, बल्कि उनके एक इमोशनल सोशल मीडिया पोस्ट की है, जो उन्होंने 'मदर्स डे' के अवसर पर अपनी मां के लिए साझा किया है।
पिंक जर्सी में मां को दी बधाई
शनिवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की टीम महिलाओं के सम्मान में विशेष 'पूरी गुलाबी' (All Pink) जर्सी पहनकर मैदान पर उतरी थी। वैभव ने इसी पिंक जर्सी में हाथ में बल्ला लिए अपनी एक तस्वीर पोस्ट की और लिखा, "यह आपके लिए है, मां।" हालांकि मदर्स डे रविवार को था, लेकिन वैभव ने शनिवार को मैच से पहले ही यह संदेश साझा कर अपनी मां के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मैदान पर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
सिर्फ भावनाओं में ही नहीं, वैभव ने खेल में भी इतिहास रच दिया है। इसी मैच के दौरान वैभव टी-20 क्रिकेट में सबसे कम गेंदों (513 गेंद) में 100 छक्के पूरे करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए। साथ ही, उन्होंने एक सीजन के पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्के मारने का अभिषेक शर्मा (29 छक्के) का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वैभव इस सीजन के पावरप्ले में अब तक 30 छक्के जड़ चुके हैं।
ऑरेंज कैप की दौड़ में बरकरा
बिहार के इस किशोर बल्लेबाज का फॉर्म इस साल आईपीएल में लाजवाब रहा है। 11 मैचों में वैभव ने 40 की औसत और 236.55 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से 440 रन बनाए हैं। फिलहाल वह ऑरेंज कैप की रेस में पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।