रायपुर - रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने एक बार फिर अपने बल्ले से इतिहास रच दिया है। Indian Premier League 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में विराट कोहली टी20 क्रिकेट में 14,000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए।
किंग कोहली ने रचा इतिहास
पिछले दो मुकाबलों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बल्ला शांत रहा था, लेकिन इस मैच में उन्होंने शानदार अंदाज में वापसी की। जैसे ही उन्होंने अपना खाता खोला, स्टेडियम में मौजूद फैंस ने जोरदार जश्न मनाया। इसके बाद अपनी पारी का 78वां रन पूरा करते ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में 14 हजार रन का ऐतिहासिक आंकड़ा छू लिया।
विराट ने टी20 में 14,000 रन पूरे किए
इस उपलब्धि के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के पूर्व कप्तान कोहली दुनिया के सिर्फ छठे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने टी20 क्रिकेट में 14,000 रन पूरे किए हैं। खास बात यह है कि उनसे पहले कोई भी भारतीय बल्लेबाज इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाया था।
कोहली टी20 क्रिकेट के सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं
कोहली लंबे समय से टी20 क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उनकी निरंतरता, फिटनेस और बड़े मैचों में प्रदर्शन करने की क्षमता उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है। IPL और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट दोनों में उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। विराट कोहली की यह उपलब्धि आने वाले कई वर्षों तक भारतीय क्रिकेट के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।