रायपुर - आईपीएल 2026 में बुधवार (13 मई) को रायपुर के मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए मुकाबले में RCB के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया। बता दें कि, स्टार बल्लेबाज अब आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए।
कोहली ने नाबाद 105 रन बनाए
विराट कोहली ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की। किंग कोहली ने 11 चौके और 3 छक्के की मदद से 60 बॉल पर नाबाद 105 रनों की धमाकेदार पारी खेली।आपको बता दें कि, कोहली के आईपीएल करियर का ये 9वां शतक रहा। ओवरऑल कोहली के टी20 करियर की ये 10वीं सेंचुरी रही। विराट के शतक की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस मैच में 6 विकेट से जीत हासिल की।
रोहित-धोनी को कोहली ने छोड़ा पीछे
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ यह मुकाबला विराट कोहली के IPL करियर का 279वां मैच रहा। इसी के साथ किंग कोहली ने महान विकेट कीपर बल्लेबाज एमएस धोनी और मुंबई इंडियंस को पांच बार विजेता बनाने वाले रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले तीनों खिलाड़ी 278-278 मैचों के साथ संयुक्त रूप से टॉप पर थे।
विराट बने नंबर-1
महान विकेट कीपर बल्लेबाज एमएस धोनी ने 2025 सीजन के आखिरी लीग मुकाबले में यह आंकड़ा छुआ था, जबकि मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के दौरान बराबरी पर पहुंचे थे। अब विराट अकेले इस सूची में नंबर-1 बन गए हैं।