नई दिल्ली - भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा बयान दिया है। आईपीएल 2026 के बीच दिए गए एक खास इंटरव्यू में कोहली ने साफ कहा कि वह 2027 का वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए एक अहम शर्त भी रखी है।
हर समय खुद को साबित करना पड़ रहा है
पूर्व कप्तान कोहली ने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस नहीं होना चाहिए कि हर समय उन्हें खुद को साबित करना पड़ रहा है। भारतीय क्रिकेट के इस दिग्गज बल्लेबाज ने कहा कि जब तक टीम को लगता है कि वह योगदान दे सकते हैं और टीम के माहौल में भरोसा बना रहता है, तब तक वह क्रिकेट खेलते रहेंगे।
मैं ऐसे माहौल में नहीं रहना चाहूंगा
विराट कोहली ने आगे कहा कि, अगर हर समय मेरी जगह और प्रदर्शन पर सवाल उठाए जाएंगे, तो मैं ऐसे माहौल में नहीं रहना चाहूंगा। उनके इस बयान को लेकर क्रिकेट जगत में काफी चर्चा हो रही है। विराट लंबे समय से भारतीय टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने कई बड़े टूर्नामेंट में भारत के लिए मैच जिताऊ पारियां खेली हैं। फिटनेस, निरंतरता और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता के कारण वह आज भी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शामिल हैं।
विराट 2027 वर्ल्ड कप खेलने के इच्छुक हैं
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि कोहली का यह बयान उनके अनुभव और मानसिकता को दर्शाता है। वह केवल व्यक्तिगत रिकॉर्ड नहीं, बल्कि टीम के भरोसे और माहौल को ज्यादा महत्व दे रहे हैं। फैंस भी चाहते हैं कि विराट कोहली 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक भारतीय टीम का हिस्सा बने रहें। सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर काफी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। विराट ने साफ कर दिया है कि वह 2027 वर्ल्ड कप खेलने के इच्छुक हैं, लेकिन इसके लिए टीम का भरोसा और सम्मान उनके लिए सबसे ज्यादा मायने रखता है।