IPL 2026 : देवदत्त पडिक्कल की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हरा दिया है। आरसीबी की जीत में टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने धमाकेदार पारी खेली और 38 गेंद पर 69 रन बनाकर नाबाद रहे, कोहली ने अपनी पारी में 5 चौके और 5 छक्के लगाए।
विराट ने तोड़ा रोहित का महारिकॉर्ड
आपको बता दें कि, अपनी 69 रन की नाबाद पारी में विराट कोहली ने मुंबई इंडियंस के पूर्व दिग्गज कप्तान रोहित शर्मा का महारिकॉर्ड तोड़ दिया। अपनी पारी के दौरान, कोहली ने IPL इतिहास में रन चेज करते हुए 4000 रन पूरे किए। वह लीग के इतिहास में यह शानदार उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं। इससे पहले, कोई भी खिलाड़ी 3500 रन भी नहीं बना पाया था।
विराट के बल्ले से हुईं रनों की बारिश
RCB टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने IPL 2026 के पहले ही मैच में बल्ले से कमाल कर दिया। SRH के खिलाफ मैच में विराट ने RCB के लिए एक मैच विनिंग पारी खेली। उन्होंने मैच खत्म होने के बाद इस पारी को लेकर बात की। विराट ने बताया कि ब्रेक से उन्हें तरोताजा होकर वापसी में मदद मिली। आपको बता दें कि विराट इस मुकाबले में फिल साल्ट के साथ ओपनिंग करने उतरे थे और अंत तक नाबाद रहे।
वापिस यहां आकर अच्छा लग रहा है - विराट
SRH के खिलाफ मैच विनिंग पारी खेलने के बाद विराट कोहली ने कहा कि वापिस यहां आकर अच्छा लग रहा है। आखिरी मैच मैंने पिछले साल आईपीएल फाइनल खेला था लेकिन हाल ही में वनडे सीरीज में जिस तरह से बल्लेबाजी की, उससे मुझे लय हासिल करने में मदद मिली। मैं वह शॉट्स नहीं खेल रहा था जो आम तौर पर नहीं खेलता। मुझे पता है कि मैं अच्छी फॉर्म में हूं और मैने फिटनेस पर भी काफी मेहनत की है तो प्रदर्शन अच्छा ही रहेगा। हमारे पास अच्छी शुरुआत का मौका था और हमने वही किया।