भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। कोहली का बाहर होना टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। वनडे क्रिकेट में 14,797 रन बना चुके विराट इस प्रारूप के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल हैं। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी तक उनकी चोट और रिप्लेसमेंट को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन कुछ खिलाड़ियों के नाम सबसे मजबूत दावेदार के तौर पर सामने आ रहे हैं।
1. यशस्वी जायसवाल सबसे बड़े दावेदार
युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को विराट कोहली के स्थान पर टीम में शामिल किया जा सकता है। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे, हालांकि उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला था। यशस्वी ने अपना आखिरी वनडे मुकाबला दिसंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था, जिसमें उन्होंने शानदार 116 रन बनाए थे। वहीं आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए 16 मैचों में 427 रन बनाए।
2. देवदत्त पडिक्कल भी रेस में शामिल
कर्नाटक के बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल भी मजबूत विकल्प माने जा रहे हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में 9 मैचों में 725 रन बनाए थे। इसके अलावा आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए उन्होंने 16 मैचों में 464 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल रहे।
3. साई सुदर्शन का दावा भी मजबूत
गुजरात टाइटंस के स्टार बल्लेबाज साई सुदर्शन का नाम भी संभावित रिप्लेसमेंट की सूची में शामिल है। उन्होंने भारत के लिए अब तक तीन वनडे मुकाबले खेले हैं और दो अर्धशतकों की मदद से 127 रन बनाए हैं। आईपीएल 2026 में साई सुदर्शन शानदार फॉर्म में नजर आए। उन्होंने 17 मैचों में 722 रन बनाए, जिसमें एक शतक और आठ अर्धशतक शामिल रहे। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज रहे।
किसे मिल सकता है मौका?
हालिया फॉर्म और सीमित ओवरों के अनुभव को देखते हुए साई सुदर्शन और यशस्वी जायसवाल सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। हालांकि अंतिम फैसला बीसीसीआई और चयन समिति की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगा।