नई दिल्ली। 10वां विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होने जा रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा, जबकि फाइनल मैच 5 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा।
पहली बार 12 टीमें और 33 मैच
इस बार का टूर्नामेंट अब तक का सबसे बड़ा विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप होगा, जिसमें पहली बार 12 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 24 दिनों में 33 मुकाबले खेले जाएंगे।न्यूजीलैंड मौजूदा डिफेंडिंग चैंपियन है, जिसने 2024 में पहली बार खिताब अपने नाम किया था। वहीं ऑस्ट्रेलिया 6 ट्रॉफियों के साथ इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बनी हुई है।
भारत का प्रदर्शन और चुनौती
भारतीय महिला टीम अब तक टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत सकी है। टीम ने चार बार सेमीफाइनल और एक बार फाइनल तक का सफर तय किया है। इस बार भारत को कठिन ग्रुप में रखा गया है, जहां ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीमें शामिल हैं।भारत अपना पहला मुकाबला 14 जून को बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा, जो टूर्नामेंट के सबसे चर्चित मैचों में से एक माना जा रहा है।
वर्ल्ड कप का इतिहास
विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 2009 में इंग्लैंड में हुई थी, जिसमें केवल 8 टीमें शामिल थीं। पहला खिताब मेजबान इंग्लैंड ने जीता था। 2014 से टीमों की संख्या बढ़कर 10 हो गई और अब 2026 में पहली बार 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं।इंग्लैंड 17 साल बाद एक बार फिर इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है, जिससे महिला क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर और मजबूती मिलने की उम्मीद है।