चेन्नई - भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज को 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया। 219 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा और युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने टीम को 150 रनों से ज्यादाकी साझेदारी कर के दी।
6 पारियों में बनाया अनोखा रिकॉर्ड
टीम इंडिया के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने इस मुकाबले में शानदार नाबाद शतक जड़ा। उन्होंने 86 गेंदों में 110 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनकी आक्रामक पारी की बदौलत भारत ने लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल कर लिया। इस शतक के साथ यशस्वी जायसवाल ने ODI क्रिकेट में एक बड़ा इतिहास रच दिया है। वह सबसे कम पारियों में दो ODI शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 6 वनडे पारियों में हासिल की।
शिखर धवन का रिकॉर्ड टूटा
इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के नाम था, जिन्होंने अपने शुरुआती दो वनडे शतक लगाने के लिए 7 पारियां ली थीं। जायसवाल ने उन्हें पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया। जायसवाल का पहला ODI शतक दिसंबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ आया था। इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ यह दूसरा शतक उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुआ।
भविष्य का बड़ा सितारा
टीम इंडिया के युवा ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की यह पारी उन्हें भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद युवा बल्लेबाजों में शामिल करती है। उनकी लगातार आक्रामक और स्थिर बल्लेबाजी ने टीम इंडिया के लिए ओपनिंग स्लॉट को और मजबूत कर दिया है।