लखनऊ: जनगणना 2027 को लेकर सरकार ने आम लोगों को बड़ी सुविधा दी है। अब परिवार के सदस्यों का ब्योरा दर्ज कराने के लिए गणनाकर्मी (प्रगणक) के घर आने का इंतजार नहीं करना होगा। लोग मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए घर बैठे खुद अपने परिवार की पूरी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया चलेगी। जानकारी जमा करने के बाद नागरिकों को 11 अंकों की विशेष पहचान संख्या यानी SE ID मिलेगी। जनगणना के दौरान जब प्रगणक घर पहुंचेंगे तो उन्हें यह ID दिखानी होगी। इसके बाद पहले से दर्ज जानकारी का मिलान कर उसे स्वीकार किया जाएगा।
16 से 30 नवंबर तक घर बैठे कर सकेंगे स्वगणना
जनगणना 2027 के पहले चरण की तैयारियों के तहत नागरिकों को स्वगणना का विकल्प दिया गया है। इसके माध्यम से परिवार का मुखिया या कोई अन्य सदस्य ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर पूरे परिवार का विवरण दर्ज कर सकेगा।इसके लिए नागरिकों को आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाना होगा।
स्वगणना पूरी होने के बाद पोर्टल से 11 अंकों की SE ID जारी होगी। इस पहचान संख्या को सुरक्षित रखना जरूरी होगा, क्योंकि जनगणना कर्मचारी के घर पहुंचने पर इसी के जरिए पहले दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
मोबाइल से ऐसे भरें परिवार का पूरा ब्योरा
स्वगणना की प्रक्रिया को आसान रखने के लिए पोर्टल पर चरणबद्ध तरीके से जानकारी मांगी जाएगी।
स्वगणना करने का पूरा तरीका:
सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाएं।
राज्य के विकल्प में उत्तर प्रदेश का चयन करें।
अपना मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज करें।
मोबाइल पर आए OTP से सत्यापन करें।
अपनी पसंद की भाषा चुनें।
परिवार के निवास स्थान का विवरण भरें।
जिला, तहसील और गांव या शहर का चयन करें।
मानचित्र पर अपने घर की सही लोकेशन चिह्नित करें।
परिवार के सभी सदस्यों का विवरण दर्ज करें।
पोर्टल पर पूछे गए 40 सवालों के जवाब भरें।
पूरी जानकारी की जांच करें और गलतियां सुधारें।
सभी विवरण सही होने पर फॉर्म सबमिट करें।
जानकारी जमा होने के बाद 11 अंकों की SE ID जारी की जाएगी।
फॉर्म सबमिट करने से पहले जरूर जांच लें जानकारी
स्वगणना पोर्टल पर परिवार से संबंधित सभी जानकारी भरने के बाद उसे दोबारा जांचने का विकल्प मिलेगा। नागरिक जमा करने से पहले गलतियों को सुधार सकते हैं।हालांकि, एक बार फॉर्म सबमिट होने के बाद उसमें बदलाव नहीं किया जा सकेगा। इसलिए परिवार के सभी सदस्यों का विवरण और निवास स्थान की जानकारी अच्छी तरह जांचने के बाद ही फॉर्म जमा करना होगा।SE ID मिलने के बाद उसे सुरक्षित रखना और परिवार के अन्य सदस्यों को भी इसकी जानकारी देना जरूरी है।
प्रगणक घर आएंगे तो दिखानी होगी 11 अंकों की ID
स्वगणना पूरी करने के बाद भी जनगणना की प्रक्रिया में प्रगणक की भूमिका बनी रहेगी।जब जनगणना कर्मचारी घर पहुंचेंगे तो परिवार के सदस्य उन्हें अपनी 11 अंकों की SE ID दिखाएंगे। प्रगणक के पास उपलब्ध जानकारी से इस ID का मिलान किया जाएगा।अगर पहचान संख्या का मिलान हो जाता है तो पहले से ऑनलाइन दर्ज परिवार का विवरण स्वीकार कर लिया जाएगा।वहीं, अगर ID का मिलान नहीं होता है तो प्रगणक परिवार के सदस्यों की जानकारी दोबारा दर्ज करेंगे।
पुराना मोबाइल नंबर नहीं है तो नए नंबर से भी कर सकेंगे स्वगणना
स्वगणना के दौरान नागरिकों से मोबाइल नंबर और निवास स्थान से जुड़ी जानकारी की पुष्टि भी कराई जाएगी।इसमें पूछा जाएगा कि परिवार का मौजूदा मोबाइल नंबर जनगणना 2027 के पहले चरण यानी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) के दौरान दिए गए मोबाइल नंबर से मेल खाता है या नहीं।साथ ही यह भी पुष्टि करनी होगी कि परिवार उसी मकान में रह रहा है, जहां पहले चरण में उसका विवरण दर्ज किया गया था।अगर मोबाइल नंबर पहले दिए गए नंबर से अलग है तो नए मोबाइल नंबर से स्वगणना की प्रक्रिया दोबारा शुरू की जा सकती है।इसके अलावा मानचित्र पर वर्तमान निवास स्थान की सही लोकेशन दर्ज करके भी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
OTP किसी अनजान व्यक्ति को न बताएं
स्वगणना के दौरान मोबाइल पर OTP के जरिए सत्यापन किया जाएगा। ऐसे में नागरिकों को अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखना होगा।
OTP केवल आधिकारिक पोर्टल पर ही दर्ज करें।
किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP साझा न करें।
परिवार की जानकारी भरते समय सभी विवरण सही रखें।
SE ID मिलने के बाद उसे सुरक्षित रखें।
फॉर्म सबमिट करने से पहले पूरी जानकारी की जांच करें।
जनगणना की प्रक्रिया होगी आसान
जनगणना 2027 में स्वगणना की सुविधा शुरू होने से नागरिकों को घर बैठे परिवार का विवरण दर्ज कराने का विकल्प मिलेगा। इससे प्रगणकों के घर पहुंचने पर पहले से उपलब्ध जानकारी का मिलान करना आसान होगा।हालांकि, स्वगणना करने के बाद भी प्रगणक को SE ID दिखाना जरूरी होगा। ऐसे में नागरिकों को 16 से 30 नवंबर के बीच ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर अपनी पहचान संख्या सुरक्षित रखनी होगी।