ग्रेटर नोएडा: उत्तरप्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन नाबालिग बच्चे शामिल हैं। पांचों के शव शनिवार सुबह घर के अंदर बिस्तर पर मिले। घटना रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीपदम गांव की है। पड़ोसियों ने काफी देर तक परिवार के नहीं जागने पर दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची और सभी को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
घर में बिस्तर पर मिले पांचों के शव
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह काफी देर तक परिवार के सदस्य सोकर नहीं उठे तो पड़ोसियों को चिंता हुई। वे परिवार को जगाने के लिए घर पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था।पड़ोसियों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो परिवार के सभी सदस्य बिस्तर पर लेटे दिखाई दिए। आवाज देने पर भी कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुई। वहां पांचों सदस्य बेहोशी की हालत में मिले। पुलिस उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में पति-पत्नी और तीन बच्चे शामिल
इस घटना में जान गंवाने वालों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), साक्षत (3) और बेटी मिष्टी (7) के रूप में हुई है।परिवार के पांचों सदस्यों की एक साथ मौत से गांव में शोक का माहौल है।
रात में खाए थे नूडल्स, फूड पॉइजनिंग की आशंका
महेश की मां के मुताबिक, परिवार ने रात में सोने से पहले नूडल्स खाए थे। इसके बाद सभी सोने चले गए थे। सुबह जब परिवार के सदस्य नहीं उठे तो इस घटना का पता चला।पुलिस की शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।