लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और वरिष्ठ सपा नेता आजम खान की मुलाकात से पहले उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा बयान दिया है। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की आजम खान से मुलाकात का मकसद चुनावी सियासत करना और मुस्लिम वोट हासिल करना है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मुस्लिम समुदाय अब अखिलेश यादव से मुस्लिम मुख्यमंत्री घोषित करने की मांग कर रहा है।
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर लगाए गंभीर आरोप
ओम प्रकाश राजभर ने आरोप लगाया कि आजम खान की मुश्किलों के पीछे अखिलेश यादव की भी भूमिका रही है। राजभर का कहना है कि जब समाजवादी पार्टी से मुस्लिम मतदाताओं की दूरी बढ़ने लगी, तब अखिलेश यादव को आजम खान की याद आई।
रामपुर जेल में करीब 45 मिनट की मुलाकात का कार्यक्रम
अखिलेश यादव 22 अक्टूबर को रामपुर जिला कारागार में आजम खान से मुलाकात करने वाले हैं। इसके लिए करीब 45 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। मुलाकात से पहले शहर में अखिलेश यादव के स्वागत में पोस्टर लगाए गए हैं और जेल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।समाजवादी पार्टी की ओर से बताया गया है कि अखिलेश यादव आजम खान के स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए उनसे मिलने जा रहे हैं।
जेल के बाद आजम खान के परिवार से भी मिलेंगे अखिलेश
जेल में मुलाकात के बाद अखिलेश यादव आजम खान के आवास पर जाकर उनके परिजनों से मिलेंगे। इसके बाद उनका जौहर विश्वविद्यालय जाने और वहां से लखनऊ रवाना होने का कार्यक्रम है।यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। आजम खान से अखिलेश की मुलाकात को सपा के संगठन और चुनावी रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।