अयोध्या। उत्तरप्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से देवरिया जा रही अर्टिगा कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में सुबह करीब 5 बजे हुआ। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराई। कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे बताई जा रही है।
ट्रक में पीछे से जा घुसी अर्टिगा
जानकारी के मुताबिक, टेनिस खिलाड़ी अर्टिगा कार से लखनऊ से देवरिया की ओर जा रहे थे। बुधवार तड़के करीब 5 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कार अचानक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।टक्कर इतनी तेज थी कि अर्टिगा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार, झपकी आने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। कार की रफ्तार भी करीब 100 किमी प्रति घंटे रही होगी।
गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला
हादसे के बाद कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए। दुर्घटना देखकर राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।कार के गेट तोड़कर घायलों और अन्य यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
हादसे में इन तीन खिलाड़ियों की मौत
दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीनों टेनिस खिलाड़ियों की पहचान कर ली गई है।
नित्या प्रजापति (22) — निवासी देवरिया
बिट्टू तिवारी (20) — निवासी देवरिया
पवन चौरसिया (24) — निवासी भागलपुर
हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।
तीन लोग घायल, मेडिकल कॉलेज रेफर
घायलों में आनंद यादव (23) और राजू (22) देवरिया के रहने वाले हैं। वहीं जयंतो शर्मा (30) पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के निवासी हैं।तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में झपकी को हादसे की संभावित वजह बताया है। दुर्घटना में कार के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से टक्कर की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।