लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने 13 अगस्त को प्रदेश के करीब 50 जिलों में बारिश का अनुमान जताया है। वहीं 11 जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बीते दो दिनों में बारिश की रफ्तार कम हुई थी, लेकिन अब पूर्वांचल से मानसूनी गतिविधियां फिर तेज होने की संभावना है।
पूर्वांचल में तेज होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 13 अगस्त को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वांचल के अधिकांश इलाकों में तेज बारिश होने का अनुमान है। प्रदेश के करीब 50 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। 14 अगस्त से मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मानसून का असर बढ़ने की संभावना है।
इन 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
गोरखपुर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, मऊ, बलिया, गाजीपुर, चंदौली और सोनभद्र में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
बस्ती, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी और मीरजापुर में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
20 जिलों में वज्रपात की चेतावनी
सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अयोध्या, सुल्तानपुर, जौनपुर, वाराणसी और संत रविदास नगर में एक-दो स्थानों पर बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना है। लोगों को खुले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कई जिलों में हल्की बारिश के आसार
आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, कासगंज, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, झांसी, महोबा और ललितपुर में एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इन जिलों के लिए फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
नोएडा-गाजियाबाद में उमस करेगी परेशान
पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और आसपास के जिलों में गुरुवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यहां तेज धूप निकलने की संभावना है, जिसके चलते उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। अगले 24 घंटों में इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
आगरा में तापमान में गिरावट के आसार
आगरा में पश्चिमी यूपी के अन्य इलाकों के मुकाबले मौसम में अलग बदलाव देखने को मिल सकता है। यहां इसके बाद अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।