चंपावत : भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड के दिशा-निर्देशों के क्रम में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन–2027 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों एवं निर्वाचन कार्ययोजना के अनुसार की जाने वाली तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने दायित्वों का भली-भांति अध्ययन करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक तैयारियां पूरी करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े कार्यों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी अधिकारी अपनी टीमों का गठन करें तथा संबंधित कार्मिकों के प्रशिक्षण की रूपरेखा अभी से तैयार कर लें।
उन्होंने निर्वाचन संबंधी आदेशों दिशा-निर्देशों एवं रिटर्निंग ऑफिसर की हैंडबुक का अध्ययन कर निर्वाचन प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी रखने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान अधिकारियों को रिटर्निंग ऑफिसर की हैंडबुक उपलब्ध कराई गई। साथ ही इसके ऑनलाइन उपलब्ध होने की जानकारी भी दी गई।
निर्वाचन टीमों के गठन एवं कार्मिकों की उपलब्धता की समीक्षा
बैठक में मानव संसाधन प्रबंधन मतदान दलों मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति एमसीएमसी तथा स्थैतिक निगरानी दलों एसएसटी सहित विभिन्न निर्वाचन टीमों के लिए आवश्यक कार्मिकों की उपलब्धता की समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी टीमों का विधिवत गठन करने तथा उनके प्रशिक्षण की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
वाहनों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारी के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन कार्यों के लिए वाहनों की उपलब्धता खान-पान की व्यवस्था तथा संबंधित दर-सूचियों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारी समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी नोडल अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अपने स्तर पर की जाने वाली व्यवस्थाओं का पूर्व आकलन कर लें ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी हो रही नियमित बैठकें
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा के लिए आगे भी नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी तैयारियों से अवगत कराया जा रहा है।