हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार पहुंचे जहां उन्होंने सप्तऋषि क्षेत्र स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर साधु-संतों और गणमान्य लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। सीएम धामी ने गौसेवा गोवंश संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कामधेनुलोक जैसी पहल गोवंश संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
गौसेवा और गोवंश संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
सीएम धामी ने कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए संस्था के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से गोवंश संरक्षण के साथ-साथ मानव सेवा के क्षेत्र में भी काम किया जा रहा है। गौसेवा एंबुलेंस के माध्यम से निराश्रित घायल और बीमार गोवंश को सुरक्षित आश्रय पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौपालन और गोसंरक्षण से प्राकृतिक खेती पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को भी बढ़ावा मिल सकता है। राज्य सरकार गौशालाओं के आधुनिकीकरण और निराश्रित गोवंश की देखभाल के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
प्रदेश में 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को संरक्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान में 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को संरक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि भी चिह्नित की गई है।
उन्होंने कहा कि गौसंरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसमें जनसहभागिता बेहद जरूरी है। सरकार गोवंश के संरक्षण और उनके प्रति क्रूरता रोकने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है।
2027 कुंभ को भव्य और दिव्य बनाने की तैयारी
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। राज्य सरकार कुंभ मेले को भव्य दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है।
सीएम धामी ने कहा कि कुंभ आयोजन को लेकर पूरा उत्तराखंड जुटा हुआ है। सरकार साधु-संतों के सहयोग और मार्गदर्शन से इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले के लिए सड़क यातायात व्यवस्था नए पुलों संपर्क मार्गों और अन्य आधारभूत सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही सुरक्षा स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को भी मजबूत बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि मेले के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालु देवभूमि की आध्यात्मिक विरासत स्वच्छता सुव्यवस्था और अतिथि सत्कार का सुखद अनुभव लेकर लौटें।
मुख्यमंत्री ने कामधेनुलोक गौशाला से जुड़े संतों सेवकों और पदाधिकारियों को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि कामधेनुलोक गौशाला गोसेवा पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का एक बेहतर उदाहरण बनेगी।