हरिद्वार : कुंभ 2027 को लेकर पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन एपी अंशुमान ने रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर कुंभ मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में निर्माण कार्यों सुरक्षा व्यवस्था यातायात प्रबंधन और पुलिस संसाधनों की उपलब्धता सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
एडीजी एपी अंशुमान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ से संबंधित सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से तैयार रहनी चाहिए।
पुलिस लाइन और अस्थायी थानों की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में कुंभ क्षेत्र में प्रस्तावित पुलिस लाइन यातायात पुलिस लाइन और जीआरपी लाइन की तैयारियों की जानकारी ली गई। इसके अलावा अस्थायी थाने और पुलिस चौकियां होल्डिंग एरिया तथा पार्किंग स्थलों को लेकर भी अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली गई।
एडीजी ने निर्देश दिए कि इन सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा किया जाए ताकि कुंभ के दौरान पुलिस बल की तैनाती और श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी तरह की परेशानी न हो।
सीसीटीवी ड्रोन और अग्निशमन संसाधनों पर जोर
कुंभ मेले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मेला नियंत्रण भवन सीसीटीवी कैमरों ड्रोन पुलिस वाहनों और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक संसाधनों और तकनीकी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़ प्रबंधन से जुड़े सभी संसाधनों की उपलब्धता और उनकी कार्यक्षमता पहले से सुनिश्चित कर ली जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
हर स्नान पर्व के लिए पहले से तैयार होगा प्लान
बैठक में स्नान पर्वों के दौरान पुलिस बल की तैनाती को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। एडीजी ने कहा कि प्रत्येक स्नान पर्व महत्वपूर्ण है और किसी एक आयोजन को ध्यान में रखकर अंतिम समय में व्यवस्थाएं तैयार करने के बजाय सभी प्रमुख स्नान पर्वों के लिए पहले से विस्तृत प्लान तैयार किया जाना चाहिए।
उन्होंने आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की तैनाती यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की रणनीति पहले से निर्धारित करने के निर्देश दिए।
बजट और अतिरिक्त संसाधनों की भी समीक्षा
बैठक में कुंभ मेले के लिए आवश्यक बजट अतिरिक्त संसाधनों और पुलिसकर्मियों की जरूरत का भी आकलन किया गया। अधिकारियों से उपलब्ध संसाधनों और भविष्य में आवश्यक अतिरिक्त संसाधनों की जानकारी ली गई।
एडीजी ने कुंभ मेला पुलिस अधिकारियों को सभी तैयारियों को तय समय के अनुसार जमीन पर उतारने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों के साथ-साथ सुरक्षा यातायात पार्किंग भीड़ नियंत्रण और तकनीकी संसाधनों की तैयारियों में आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
पुलिस विभाग का फोकस अब कुंभ 2027 के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को पहले से मजबूत करने पर है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर देरी न हो और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।