उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति पेट्रोल पंप के पास अचानक संतुलन खोकर गहरी खाई में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और SDRF की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
SDRF ने तुरंत शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही SDRF कंट्रोल रूम ने राटूड़ा पोस्ट से सहायक उप निरीक्षक हरीश बंगारी के नेतृत्व में टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया। टीम ने आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
30 मीटर गहरी खाई से सुरक्षित निकाला गया युवक
रेस्क्यू टीम ने पाया कि घायल व्यक्ति लगभग 30 मीटर गहरी खाई में फंसा हुआ था। बेहद कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद SDRF के जवान खाई में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घायल की पहचान, अस्पताल में इलाज जारी
घायल व्यक्ति की पहचान सुखदेव सिंह भंडारी के रूप में हुई है, जो पौड़ी गढ़वाल जिले के पाबो क्षेत्र के निवासी हैं। रेस्क्यू के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और जिला पुलिस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पहले भी हो चुकी है रेस्क्यू की घटनाएं
गौरतलब है कि इससे पहले भी 14 जून को रुद्रप्रयाग के देवरियाताल-बनियाकुंड ट्रैकिंग रूट पर रास्ता भटक गए पांच पर्यटकों को SDRF और जिला आपदा प्रबंधन टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया था।
SDRF की तत्परता से टला बड़ा हादसा
लगातार पहाड़ी क्षेत्रों में हो रहे हादसों के बीच SDRF की त्वरित कार्रवाई से एक और बड़ी अनहोनी टल गई। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।