देहरादून: उत्तराखंड में करीब 25 दिनों के बाद मौसम ने करवट लेने के संकेत दिए हैं। बुधवार को पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम शुष्क रहा और तेज धूप के कारण मैदानी क्षेत्रों में गर्मी ने लोगों को परेशान किया। देहरादून में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अगस्त में वर्ष 2022 के बाद अब तक का सबसे अधिक तापमान बताया गया है। मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं देहरादून में पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले 10 वर्षों में यह दूसरी बार है, जब अगस्त के महीने में देहरादून का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है।
25 दिन बाद फिर बारिश का दौर
प्रदेश में करीब 25 दिनों में पहली बार ऐसा हुआ, जब बुधवार को कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। हालांकि, मौसम विभाग ने अब बारिश का दौर दोबारा तेज होने का पूर्वानुमान जारी किया है। गुरुवार से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पर्वतीय जिलों और ऊधम सिंह नगर में कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है। हरिद्वार में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
देहरादून समेत इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार को देहरादून, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के तेज से अति तेज दौर की संभावना जताई गई है। वहीं ऊधम सिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है।
शुक्रवार को ऑरेंज अलर्ट
बारिश का असर शुक्रवार को और बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की आशंका जताई गई है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।