भराड़ीसैंण : उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भराड़ीसैंण पहुंचे। यहां विधानसभा भवन परिसर में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह में उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया और परेड की सलामी ली। समारोह में आईटीबीपी पुलिस पीएसी और एनसीसी की टुकड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और उत्तराखंड की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। अपने संबोधन में उन्होंने प्रदेश के युवाओं महिलाओं और विभिन्न वर्गों के कर्मचारियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
जल्द होगा युवा आयोग का गठन
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही युवा आयोग का गठन किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना और उनके विकास एवं कल्याण के लिए प्रभावी कदम उठाना है। उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं और राज्य के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
आंगनबाड़ी आशा और भोजनमाताओं का बढ़ेगा मानदेय
मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं आशा कार्यकर्ताओं और भोजनमाताओं के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि इनका मानदेय एक दिसंबर 2026 से बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही अतिथि शिक्षकों के मानदेय में भी वृद्धि की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज के विभिन्न वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार काम कर रही है। प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
पहाड़ का पानी और जवानी प्रदेश के विकास में आ रहे काम
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अब पहाड़ का पानी और जवानी दोनों प्रदेश के विकास के काम आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक साढ़े तीन लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। यह महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
महिला सुरक्षा पर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री धामी ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर विपक्ष का रवैया सवालों के घेरे में है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
पीएम मोदी के मार्गदर्शन में आगे बढ़ रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की एक दशक की विकास यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन मिल रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में कई राष्ट्रीय परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। सड़क रेल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से उत्तराखंड के विकास को नई गति मिल रही है।
रेल कनेक्टिविटी का काम 85 प्रतिशत पूरा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार का जिक्र करते हुए बताया कि रेल लाइन का 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि रेल परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश में आवागमन की सुविधाएं बेहतर होंगी। इससे पर्यटन व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के विकास के साथ-साथ युवाओं को अवसर महिलाओं को आत्मनिर्भरता और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।