16 सितंबर को आई भीषण आपदा से मसूरी विधानसभा क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुआ। इस आपदा में कई सड़कें और मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत मखडेती गांव स्थित शिखर फॉल में पांच दुकानें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं और दो लोगों की आपदा के कारण मृत्यु हो गई।
दुकानों का किया पुनर्निर्माण
आपदा के बाद नगर पालिका परिषद मसूरी ने प्रभावितों की मदद के लिए इन दुकानों का पुनर्निर्माण किया। मसूरी विधायक और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नई दुकानों का उद्घाटन किया और प्रभावित लोगों को ये दुकाने आवंटित की गईं। इसके साथ ही मंत्री गणेश जोशी ने सभी प्रभावितों को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से 40,000 रुपये देने की भी घोषणा की। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि आपदा का केंद्र बिंदु मसूरी विधानसभा क्षेत्र रहा और इस आपदा में न केवल लोगों के घर और संपत्ति को नुकसान हुआ बल्कि जानवरों की हानि और लोगों के रोजगार पर भी असर पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार आपदा प्रभावितों तक राहत पहुंचाने का काम कर रही है।
नगर पालिका ने क्षेत्रीय सभासद के सहयोग से किया निर्माण
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि नगर पालिका ने क्षेत्रीय सभासद के सहयोग से दुकानों का निर्माण किया। 16 सितंबर की आपदा में पास की दुकानों के क्षतिग्रस्त होने के बाद ये नई दुकाने प्रभावितों को आवंटित की गई हैं। इस पहल से मसूरी के आपदा प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता रोजगार और नई दुकानें मिलकर अपनी आजीविका फिर से स्थापित करने का अवसर मिला है।