पानिहाटी - पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान हो चुका है और अब बीजेपी दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार में जुट गई है। आपको बता दें कि, भारतीय जनता पार्टी ने आरजी कर रेप पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को चुनावी समर में उतारा है। दरअसल, भगवा पार्टी ने उन्हें पानिहाटी से टिकट दिया है और पीएम मोदी उनके लिए प्रचार करने पानिहाटी पहुंचे हैं।
टीएमसी की हार तय
पानिहाटी में विशाल रैली को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस ( टीएमसी ) पर जमकर हमला बोला। इस दौरान पीएम ने दावा किया है कि, पहले चरण के मतदान के बाद साफ हो गया है कि, पश्चिम बंगाल में इस बार टीएमसी की हार तय है। आपको बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इस रैली में बीजेपी कैंडिडेट रत्ना देबनाथ भी मौजूद थीं।
टीएमसी पर पीएम मोदी का तीखा हमला
भारतीय जनता पार्टी की विधायक उम्मीदवार रत्ना देबनाथ की ओर इशारा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, जिस मां ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाया और उसकी बेटी को टीएमसी के महाजंगलराज ने छीन लिया। इसके साथ ही पीएम ने आगे कहा कि, बीजेपी ने उस मां को अपना उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा कि, जब मैं आया रैली में तो एक बहन ने मुझे राखी भेंट की है।
4 मई के बाद सारी फाइलें खुलेंगी
इस विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने आगे कहा कि, बंगाल की बहनों को उनका ये भाई भरोसा देता है कि, बहनों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि होगी। पीएम ने आगे हुंकार भरते हुए कहा कि, 4 मई को बीजेपी सरकार बनने के बाद उन पर हुए हर अन्याय, हर अत्याचार की फाइलें खुलेंगी और ये मोदी की गारंटी है।