केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, यहां एंटी इनकंबेंसी चरम पर है, गत चुनाव में भी चरम पर थी। लेकिन तब मतदान जितना भयमुक्त होना चाहिए था उतना नहीं हुआ, ढेर सारे बूथ लूटे गए थे, ढेर सारी जगहों पर कार्यकर्ताओं को घरों से निकलने नहीं दिया गया था।
मतदाता सूची का शुद्धिकरण हुआ है
बीजेपी के सीनियर नेता शाह ने अपने बयान में आगे कहा कि, इस चुनाव में शुरू से मतदाता सूची का शुद्धिकरण हुआ है, फर्जी मतदाताओं के नाम कटे हैं, प्रशासन, पुलिस, CAPF ने सुरक्षा पर कड़ी नजर रखी है और चुनाव आयोग ने भी भयमुक्त वातावरण बनाया है। इसके साथ ही उन्होंने यहभी कहा कि, बंगाल की मुख्यमंत्री यह अफवाह फैला रही हैं कि अगर बंगाल में भाजपा आई तो बाहरी लोग शासन करेंगे।
अगला मुख्यमंत्री बंगाल में जन्मा होगा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि, मैं दीदी को बताना चाहता हूं कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बंगाल में जन्मा, बंगाली मीडियम में पढ़ा-लिखा और बंगाली भाषी होगा। वह आपका भतीजा नहीं भाजपा का कार्यकर्ता होगा। अमित शाह ने कहा कि, मैं कुछ आंकड़ें भी देना चाहता हूं। 2016 के चुनाव में 1278 लोग घायल हुए थे, 2021 में 1681, 2023 के पंचायत चुनाव में 664 और 2024 के आम चुनाव में 761।
बीजेपी की सरकार बन रही
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता शाह ने कहा कि, उसकी तुलना में 30 से कम लोग कल घायल हुए हैं। यह बताता है कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए और मृत्यु का आंकड़ा एक भी नहीं है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि, यह जो मतदान बढ़ा है, वह भाजपा सरकार बनाने, परिवर्तन का संकेत है।