उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए शासन स्तर पर सक्रियता बढ़ गई है। इसी कड़ी में ऊधम सिंह नगर के खटीमा में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसमें अपर सचिव मायावती ढकरियाल ने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स का जायजा लिया।
लंबित पड़े कार्यों को पूरा करने के सुझाव
प्रदेश की अपर सचिव मायावती ढकरियाल ने खटीमा पहुंचकर सरकार की विभिन्न कार्य योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमांत क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपर सचिव ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को लंबित पड़े कार्यों को तत्काल पूरा करने के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि जो भी योजनाएं वर्तमान में संचालित हैं उनकी विस्तृत प्रगति रिपोर्ट शासन को भेजी जाए ताकि विकास की गति बनी रहे।
ग्रामीण मार्गों के निर्माण की सुविधाओं पर चर्चा
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत स्वीकृत परियोजनाओं विशेषकर ग्रामीण मार्गों के निर्माण और हाई-टेक बस स्टेशन जैसी सुविधाओं पर चर्चा की गई। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचे।अपर सचिव ने कहा हमारा मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि सीमांत क्षेत्र खटीमा में सरकार की योजनाएं सही ढंग से चल रही हैं या नहीं। हमने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रुके हुए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट जल्द से जल्द दें ताकि जनता को इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।